Thursday, 4 July, 2024 • 01:57 pm

Palamu : सहसा तब लोगों को यकीन नहीं हुआ था कि जैसा बोल रहा है, वैसा कर दिखायेगा। पूजा-पाठ और नारियल फोड़ आशीष विश्वकर्मा उर्फ उपेंद्र बड़बड़ाता रहा कि वह आज एक खून करेगा। जिसने भी उसके मुख से यह शब्द सुना, उन्हें लगा आधा दिमाग का है, यूं ही बक रहा है। बीते शाम आशीष विश्वकर्मा चुपके से अपनी चचेरी भाभी रेखा देवी के घर में घुस आया और तलवार से मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वह मौके पर ही मारी गई। इसके बाद आशीष ने पास में ही रहने वाले एक बच्चे को लहूलुहान कर दिया। जिस किसी ने उसे रोकना-टोकना चाहा, उसे भी तलवार लेकर दौड़ा दिया। सनकी आशीष की हरकतें देख इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आशीष को अरेस्ट कर लिया, वहीं हत्या में इस्तेमाल तलवार को भी जब्त कर लिया। आशीष ने अपनी भाभी की हत्या क्यों की, इसका खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है। कुछ लोगों का कहना है कि आशीष अपनी भाभी से चिढ़ता था। दिल को झकझोर देने वाली यह वारदात पलामू के पांडू थाना क्षेत्र के महूगांवा गांव में हुई। जख्मी बच्चे सूर्या के पिता का नाम बिगन बताया गया। उसे बेहतर इलाज के लिये रिम्स रेफर किया गया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि गुरुवार की रात करीब 7.30 बजे आशीष विश्वकर्मा उर्फ उपेंद्र अपनी चचेरी भाभी रेखा देवी के घर में घुस आया। उस समय घर में केवल उसकी सास थी। वह भी तब बच्चे को लेकर छत पर चली गई थी। लगभग 25 साल की बहू की चीख-पुकार सुन सास नीचे आयी तो वहां का नजारा देख दंग रह गई। रेखा के पति वशिष्ठ विश्वकर्मा तब घर में नहीं थे। घटना के बाद कुछ लोगों का कहना था कि देवर-भाभी में पहले से कोई झगड़ा नहीं था। एकाएक उसका दिमाग फिर गया। लोग यह समझ नहीं पा रहे कि उसने इतना भयानक कांड को अंजाम दिया तो क्यों। कुछ लोगों का कहना था कि बीते कल उसने पूजा-पाठ कर नारियल फोड़ा था। लोगों के बीच प्रसाद भी बांटे थे। वहीं यह बड़बड़ा रहा था कि आज शाम उसे किसी का खून करना है। तब लोगों ने उसकी बातों को हल्के में लिया। लोगों को लगा कि आधा दिमाग का है, यूं ही बक रहा है। इसी बीच रेखा के पिता राजेश विश्वकर्मा ने इल्जाम लगाते हुये मीडिया से कहा कि एक साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या कराई गई है।

इसे भी पढ़ें : CM चंपई सोरेन ने शिक्षक नियुक्ति के लिए दी दो डेड लाइन… जानें

Show comments
Share.
Exit mobile version