Ranchi : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड में विधि व्यवस्था की गिरती स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि वह विदेश में बैठकर झारखंड में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे अपराधियों पर नकेल कसे। प्रतुल ने रविवार को कहा कि हाल के दिनों में झारखंड के छह-सात जिले, जहां कोयला का प्रोडक्शन और ट्रांसपोर्टेशन होता है। वहां अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। लेवी और एक्सटॉर्शन के चलते विदेश में बैठे अपराधी झारखंड में अपने गुर्गों से घटनाओं को अंजाम देकर दहशत पैदा करते हैं। हजारीबाग में दो वर्ष पूर्व भी कोयला से जुड़ी कंपनी के जीएम की हत्या कर दी गई थी। अब एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या अ‍पराधियों ने कर दी।

प्रतुल ने कहा कि रांची के भीड़-भाड़ वाले इलाके में कोयला व्यापारी पर हमला होता है। इसके अलावे अपराधी कई जिलों में कोयला साइडिंग पर लगातार गोली चला कर दहशत फैला रहे हैं। झारखंड में मौजूदा समय में संगठित अपराध भी नक्सलवाद की तरह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि संगठित आपराधिक गिरोह झारखंड में लगातार पैर फैला रहे हैं। अब यह नक्सलवाद की तरह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। आलम ये है कि कई जिलों में कोयला कंपनी से जुड़े अधिकारी बुलेट प्रूफ वाहनों से सफर करते हैं। उन्‍होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वह घटना को अंजाम देने के बाद फेसबुक पर लिखकर घटना की जिम्मेवारी लेकर भविष्य के लिए चेतावनी भी देते हैं। प्रतुल ने कहा कि अगर राज्य सरकार एक सुनियोजित प्लान के तहत संगठित गिरोह का खात्मा नहीं करेगी तो झारखंड की स्थिति भयावह हो जाएगी। प्रतुल ने कहा कि झारखंड पुलिस की वेबसाइट के अनुसार अबुआ सरकार के पहले महीने में ही 5207 संज्ञेय अपराध हुए जो चिंता का विषय है।

इसे भी पढ़ें : कुख्यात मयंक सिंह ने किया पोस्ट- NTPC के DGM की हत्या में अमन साहू गैंग का कोई हाथ नहीं

Show comments
Share.
Exit mobile version