Ranchi/Bokaro : घर से ट्यूशन पढ़ने निकला अर्जुन कुमार अचानक गायब हो गया। उसके गायब हुए करीब 40 दिन होने को आये, पर अब तक उसका कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। करीब 14 साल का अर्जुन बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र के BSLLH स्ट्रीट नंबर नौ में रहता है। उसके पिता का नाम कौशलेंद्र सिंह है। अर्जुन के गायब होने की लिखित शिकायत उसकी बड़ी बहन करीना कुमारी ने सिटी थाना में गुजरे 25 फरवरी को दर्ज करायी थी। शिकायत में करीना ने बताया कि अर्जुन का एक दोस्त 20 फरवरी को दोपहर में उसे लेने आया था। वह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से दोस्त के साथ निकल गया, फिर वापस नहीं लौटा। अर्जुन के पास कोई भी पर्सनल मोबाइल फोन नहीं है। वह घर में अपनी दीदी और बड़े भाई का फोन इस्तेमाल करता था। बड़ी बहन करीना ने आशंका जताई है कि कहीं उसी दोस्त ने उसके भाई अर्जुन को मार कर फेंक तो नहीं दिया। वह लड़का अर्जुन के उम्र में काफी बड़ा है। जहां अर्जुन महज 14 साल का है, वहीं उसका दोस्त 20 साल का है। करीना का इल्जाम है कि अर्जुन के इस दोस्त के लूर-लक्षण बहुत बढ़िया नहीं। वह नशा भी करता है। अक्सर उसके घर आना-जाना किया करता है। कई बार भाई को समझाया कि उससे दूर रहे और उसके दोस्त को कई दफा फटकार भी लगायी, पर कोई फायदा नहीं हुआ। वह दोस्त जब मन करता, तब घर पर आता और अर्जुन को लेकर चला जाता। बहन करीना का इल्जाम है कि इससे पहले भी एक बार 26 जून 2024 को दोस्त अपने साथ अर्जुन को ले गया और कहीं भेज दिया था। कई दिनों के बाद अर्जुन घर लौटा था। बीते 20 फरवरी को भी उसका वही दोस्त घर आया और अर्जुन उसके साथ चला गया। करीब 40 दिन बीत जाने के बाद भी अर्जुन का अता-पता नहीं चलने से घरवाले परेशान हैं। घरवालों ने उस दोस्त के बारे में सबकुछ पुलिस को बता दिया है।

इधर, मामले में सिटी थाना के SI शैलेंद्र ने बताया कि करीना के आवेदन के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी। है। अर्जुन के संदेही दोस्त से भी पूछताछ की गयी। फिलहाल अर्जुन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस तफ्तीश कर रही है। वहीं, अर्जुन के घरवालों ने ऐलान किया है कि उनके लापता बेटे की इंफॉर्मेशन देने वाले को इनाम दिया जायेगा।

इसे भी पढ़ें : ताबड़तोड़ एनकाउंटर में जांबाजों के मार गिराये 11 महिला नक्सली सहित 17 माओवादी… देखें वीडियो

Show comments
Share.
Exit mobile version