अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भगत सिंह चौक पर इकट्ठा हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी का पुतला जलाया। इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा के जिला महामंत्री रूपेश भगत कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों को भड़काने और गुमराह करने का आरोप
भाजपा के जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर ओछी राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को भड़काने की कोशिश की है और प्रधानमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बातें कही हैं। रूपेश भगत का कहना था कि कांग्रेस छात्र संगठनों का सहारा लेकर युवाओं को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों की सरकारें हैं, वहां आए दिन पेपर लीक होते रहते हैं, लेकिन उन मामलों पर कांग्रेस के नेता पूरी तरह चुप बैठ जाते हैं।
इंडी गठबंधन पर देश को अस्थिर करने का दावा
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बाबूधन मुर्मू ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना कांग्रेस की सोची-समझी चाल है, जिसे भाजपा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर किया गया प्रदर्शन एक सोचे-समझे प्लान का हिस्सा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करने और युवाओं को बहकाने की कोशिश कर रहा है।
प्रदर्शन में कई प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें हिसाबी राय, विवेकानंद तिवारी, सोहन मंडल, सुशील साहा, मनीष पांडेय, दीपक साहा, रतन भगत, पंकज साह, सादेकुल आलम, जीतू सिंह, पवन भगत, अरुण चौधरी, कर्ण मंडल, धर्मेंद्र त्रिवेदी और बापी साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : SIR की रफ्तार बढ़ाने बूथों पर पहुंचीं डीसी, दो दिन में लंबित डिजिटाइजेशन पूरा करने का अल्टीमेटम

