अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ झारखंड पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में हुए सर्च ऑपरेशन में पुलिस और सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, नक्सली पर्चे और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में चार एसएलआर रायफल, 527 जिंदा कारतूस, नौ एसएलआर मैगजीन, एक एलएमजी मैगजीन, तीन डेटोनेटर, पांच मैगजीन पाउच, छह पिट्दू, तीन नक्सली वर्दियां, 18 बैटरियां, जंगल जूते और अन्य सामग्री शामिल हैं। इनमें चार हथियार पुलिस से लूटे गए थे।
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसपी राकेश रंजन और सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में हुई मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) का एरिया कमांडर अरुण उर्फ वरुण उर्फ निलेश मदकम मारा गया था। इसके बाद नक्सलियों में भगदड़ मच गई है और कई घायल नक्सली संगठन छोड़कर भाग गए हैं।
पुलिस के अनुसार, संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अब भी कोल्हान-सारंडा क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन पर कड़ी नजर रखते हुए झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर लगातार अभियान चला रहे हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि स्वतंत्रता दिवस-2025 पर बड़ी घटना की योजना बनाने के लिए कई नक्सली नेता और उनके दस्ते इकट्ठा हुए थे। इस पर गोईलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया, पोसैता और तुम्बागाड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाकों में अभियान चलाया गया, जहां मुठभेड़ में एरिया कमांडर अरुण ढेर हो गया और बाद में तलाशी में भारी मात्रा में हथियार व सामान मिले। डीआईजी ने नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : CM नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में किया ध्वजारोहण, रच डाला नया इतिहास

