अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के गवर्नर संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को विधानसभा परिसर में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि दी। गवर्नर ने मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर गवर्नर ने कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि मंत्री सोरेन ने समाज और राज्य के विकास के लिए लगातार कार्य किया, उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यपाल गंगवार ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
दो अगस्त को गंभीर चोट के कारण अस्पताल में हुए थे भर्ती
बयहां याद दिला दें कि बीती रात करीब साढ़े दस बजे शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी हिचकी ली। बीते दो अगस्त से गंभीर चोट के कारण अस्पताल में भर्ती थे। दो अगस्त की सुबह अपने घोड़ाबांधा स्थित आवास में बाथरूम में फिसलकर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजनों के अनुसार, रामदास सोरेन उस दिन सुबह करीब 4:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए उठे थे। बाथरूम में अचानक फिसलने से उनके सिर पर जोरदार चोट लगी। परिवार के लोग तुरंत उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। जांच में उनके ब्रेन में ब्लड क्लॉट पाया गया।
स्थिति गंभीर होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया। सुबह 9:30 बजे सोनारी एयरपोर्ट से रवाना कर उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की एक टीम उनका लगातार इलाज कर रही थी, लेकिन चोट की गंभीरता के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः उन्होंने अंतिम सांस ली।
रामदास सोरेन झामुमो के प्रभावशाली नेताओं में से एक थे और वर्तमान में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिछले मंत्रिमंडल में उन्हें कोल्हान क्षेत्र के बड़े नेता के रूप में महत्व देते हुए मंत्री पद दिया था। 2024 के चुनाव परिणामों के बाद भी उन्हें पुनः मंत्री बनाया गया था। उनके निधन से झारखंड की राजनीति को बड़ा झटका लगा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक है, वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है।
इसे भी पढ़ें : BREAKING : नहीं रहे झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन

