अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची शहर में स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती संख्या और रेबीज जैसी घातक बीमारी से लोगों को बचाने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है। प्रशासक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत नसबंदी और टीकाकरण की गति को और तेज कर दिया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य न सिर्फ सड़कों पर बढ़ रही कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण करना है, बल्कि इंसानों और जानवरों दोनों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी है। इसी कड़ी में गुरुवार, 11 सितंबर 2025 को निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष कार्रवाई की।
वार्ड संख्या 18 में कुल 25 डॉग्स का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया, वहीं वार्ड संख्या 32 में 17 डॉग्स को टीका लगाया गया। इसके अलावा कुल 9 स्ट्रीट डॉग्स को पकड़कर शेल्टर होम ले जाया गया, जहां उनकी नसबंदी एवं आगे का टीकाकरण किया जाएगा।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। लक्ष्य है कि आने वाले समय में स्ट्रीट डॉग्स की अनियंत्रित संख्या पर नियंत्रण पाया जा सके और रेबीज जैसी बीमारियों से नागरिकों को सुरक्षित रखा जा सके।
इस नंबर पर दें स्ट्रीट डॉग्स की सूचना
प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि आपके क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग्स दिखाई दें, तो आप तुरंत नगर निगम को सूचना दें। इसके लिए निगम ने टोल-फ्री नंबर 18005701235 जारी किया है।
इसे भी पढ़ें : रांची के स्लम बस्तियों में लगेगा हेल्थ कैंप, तैयारियों में जुटा RMC

