अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण कुमारी की अध्यक्षता में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान को सफल बनाने के लिए रांची नगर निगम कार्यालय में बैठक हुई। इस बैठक में अभियान से जुड़े कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि नगर निगम क्षेत्र में सीटीयू (क्लीनलिनेस टारगेट यूनिट) के अंतर्गत उन जगहों को चिह्नित किया जाएगा, जहां लंबे समय से कचरा जमा है और उठाव नहीं हो पाया है। इन जगहों की विशेष सफाई अभियान चलाकर निपटारा किया जाएगा।
साथ ही, सफाई मित्रों और स्लम बस्तियों को चिन्हित कर वहां स्वास्थ्य शिविर लगाने की भी योजना बनाई गई है, ताकि आमजन को स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं सीधे पहुंचाई जा सकें। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईसी गतिविधियों का आयोजन होगा। इसमें नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी और वेस्ट-टू-आर्ट प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को यह दिखाना है कि कचरे को भी उपयोगी और सुंदर वस्तुओं में बदला जा सकता है।
बैठक में नगर प्रबंधक, पीएमसी और स्वच्छता कॉरपोरेशन के प्रतिनिधि समेत निगम के जोनल सुपरवाइजर शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत और जनभागीदारी पर जोर दिया। नगर निगम का लक्ष्य है कि रांची को न केवल साफ-सुथरा बनाया जाए, बल्कि लोगों में स्थायी स्वच्छता प्रबंधन की आदत भी डाली जाए।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में रोजगार से पर्यटन तक… CM हेमंत सोरेन की बड़ी पहल… जानें

