अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Giridih : गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड के खटौरी पंचायत की कच्ची मिट्टी की एक झोपड़ी में बैठी हैं 64 वर्षीय कमली देवी, पति दिपु यादव। चेहरे पर झुर्रियों की गहराई, हाथों में समय की रेखाएं और आंखों में एक ही सवाल… “क्या सरकार हमें भी कभी याद करेगी?” कमली देवी का जीवन संघर्षों की कहानी है। कभी खेतों में मजदूरी की, तो कभी दूसरों के घर बर्तन मांजे। लेकिन उम्र ढलने के बाद अब न शरीर साथ देता है, न कोई सहारा है। वह कहती हैं… “बेटा, अब तो बस पेंशन से ही कुछ आस थी… वो भी नहीं मिली।”
पेंशन का इंतजार, जो अब तक नहीं खत्म हुआ
झारखंड सरकार की वृद्धा पेंशन योजना बुजुर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं, लेकिन कई बार यह वरदान तकलीफ बन जाती है।
कमली देवी का नाम अब तक सूची में नहीं जुड़ा। हर बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाती हैं, पर जवाब मिलता है… “अभी प्रक्रिया चल रही है।” थकी हुई आंखों से वे आसमान की ओर देखती हैं, मानो भगवान से भी अब जवाब मांगती हों।
सोशल मीडिया पर गूंजी आवाज… समाजसेवी ब्यूटी मंडल ने उठाया मुद्दा
कमली देवी की कहानी अब गांव की चौपाल से निकलकर सोशल मीडिया तक पहुंच चुकी है। समाजसेवी ब्यूटी मंडल ने एक्स पर गिरिडीह डीसी से मदद की अपील की। उन्होंने लिखा… “आदरणीय उपायुक्त गिरिडीह, कमली देवी, उम्र 64 वर्ष, पंचायत खटौरी, प्रखंड देवरी की एक असहाय महिला वृद्धा पेंशन से वंचित हैं। कृपया इन्हें मदद दी जाए।”
आदरणीय उपायुक्त @GiridihDc महोदय कमली देवी,पति-दिपु यादव उम्र-64वर्ष,पंचायत-खटौरी प्रखंड-देवरी,जिला-गिरिडीह की वृद्ध असहाय महिला वृद्धा पेंशन से वंचित कृपया दादी मां की सहायता करें pic.twitter.com/3bDpAJl44H
— Beauty mandal (@MousamMandal9) October 22, 2025
यह पोस्ट जैसे ही सामने आई, सैकड़ों लोगों ने इसे शेयर किया। किसी ने कहा “ये सिस्टम की लापरवाही है”, तो किसी ने लिखा “हम सबको ऐसे लोगों के लिए आवाज उठानी चाहिए।”
विधायक भी आगे आए — ‘तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए’
ब्यूटी मंडल की पोस्ट के बाद यह मामला राजनीतिक हलकों तक पहुंच गया। देवरी विधायक उमाकांत राजक ने इसे संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त से कहा… “कमली देवी को तुरंत वृद्धा पेंशन योजना से जोड़ा जाए, यह उनका अधिकार है।”
@GiridihDc मामले को संज्ञान लेते हुए कमली देवी माता को पेंशन से जोड़ दिया जाय। जोहर @HemantSorenJMM @Rabindranathji https://t.co/YYL5jiicxI
— UMAKANT RAJAK (@umakant_rajak37) October 23, 2025
वहीं डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी इस पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा… “डीसी साहब, यह सिर्फ एक बुजुर्ग महिला का मामला नहीं, यह हमारे सिस्टम की परीक्षा है।”
@GiridihDc इस संवेदनशील मामले को संज्ञान में लेते हुए अविलंब कार्रवाई करना चाहेंगे. https://t.co/fNmSKkkb6M
— Jairam Kumar Mahato MLA (@Tigerjairam) October 25, 2025
अब उम्मीद जिला प्रशासन से — क्या पूरी होगी कमली देवी की आस?
गांव में चर्चा है कि अब जब कई नेता और सोशल मीडिया इस मुद्दे पर सामने आ चुके हैं, तो जिला प्रशासन जल्द ही कमली देवी की मदद करेगा। लेकिन सवाल यही है… क्या मदद तब ही मिलेगी जब किसी की कहानी वायरल हो?
कमली देवी की झोपड़ी में रात का अंधेरा घिरता है, पर उनकी आंखों में उम्मीद की लौ अभी भी जल रही है। शायद अगली सुबह वो खबर लाए, जिसका इंतजार उन्हें सालों से है… “आपका पेंशन स्वीकृत हो गया है, अम्मा।”
इसे भी पढ़ें : गांव की गलियों में सुनवाई और सांसद विजय हांसदा का आश्वासन… जानें



