अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में पिछले छह दिनों में 10 काले हिरणों की अचानक मौत से पार्क प्रबंधन सकते में है। एक दिसंबर को पहला मामला सामने आया और यह सिलसिला लगातार छह दिसंबर तक चलता रहा। कुल 18 हिरण थे, जिनमें से अब सिर्फ 8 ही जीवित हैं।
विशेषज्ञों को संक्रमण का शक, रिपोर्ट का इंतजार
पार्क के उपनिदेशक डॉ. नईम अख्तर ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी नमूने रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय भेजे गए हैं। पोस्टमॉर्टम पूरा कर लिया गया है और अब पैथोलॉजिकल जांच की जाएगी। महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रज्ञा लकड़ा ने बताया कि शुरुआती संकेत पाश्चुरेला प्रजाति के बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण की ओर इशारा करते हैं। यह संक्रमण अक्सर बहुत तेजी से फैलता है और कई बार इलाज का मौका भी नहीं मिलता। अंतिम पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
कैसे फैलता है यह खतरनाक संक्रमण
जानकारी के मुताबिक पाश्चुरेला बैक्टीरिया में तेजी से फैलने की क्षमता होती है। संक्रमित जानवरों में तेज बुखार, गले में सूजन और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कई मामलों में संक्रमण इतना तेजी से असर करता है कि बचाव मुश्किल हो जाता है।
जू प्रबंधन ने बढ़ाई सतर्कता
लगातार मौतों को देखते हुए जू प्रबंधन ने कृष्णमृगों के बाड़ों में सफाई और सैनिटाइजेशन बढ़ा दिया है। स्टाफ की आवाजाही सीमित कर दी गई है। इसके साथ ही पार्क में मौजूद सभी जानवरों की नियमित स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है। पार्क में इस समय करीब 370 जीव हैं, जिनमें कई तरह की पशु-पक्षी प्रजातियां शामिल हैं। प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट पर है।
इसे भी पढ़ें : बच्चे का इलाज कराने गयी मां की लूट ली आबरू, संदेही गिरफ्तार

