अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रात का अंधेरा हो या दिन की चहल-पहल… राजधानी रांची की सड़कों पर अब अपराधियों के लिए जगह कम होती जा रही है। वजह साफ है… रांची पुलिस ने शहर के हॉट स्पॉट इलाकों में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को तेज कर दिया है। SSP राकेश रंजन के हुक्म पर चौक-चौराहों से लेकर पुल-पुलिया और संवेदनशील इलाकों तक पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी है। इस अभियान का मकसद सिर्फ गाड़ियों के कागज चेक करना नहीं, बल्कि शहर में डर का माहौल खत्म कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा देना है। पुलिस का साफ संदेश है… अब अपराध करने वालों के लिए रांची आसान नहीं रहेगी।
कांके में NLU के पास पुलिस का सख्त पहरा
कांके थाना क्षेत्र के नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) के पास जब पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाई तो कई वाहन चालकों के चेहरे पर हल्की घबराहट दिखी। कोई हेलमेट ठीक कर रहा था तो कोई जल्दी-जल्दी कागजात निकालने लगा। इंस्पेक्टर कुणाल कुमार के नेतृत्व में कांके पुलिस की टीम सड़क किनारे खड़ी थी। जांच में सब इंस्पेक्टर कफील अहमद, सब इंस्पेक्टर राजकुमार तिग्गा, एएसआई मंजकन केरकेट्टा, मंगल हेंब्रम सहित कई जवान मौजूद रहे। पुलिस हर बाइक, हर कार को रोककर नंबर प्लेट, लाइसेंस और पहचान पत्र देख रही थी। कई युवकों से यह भी पूछा गया कि वे कहां जा रहे हैं और किस काम से निकले हैं।
कांटा टोली चौक : सदर और लोअर बाजार पुलिस रही मुस्तैद
रांची का कांटा टोली चौक… दिनभर भीड़ और वाहनों का दबाव। यहां अपराधियों के छिपने और भागने के रास्ते भी ज्यादा हैं। इसी वजह से SSP के निर्देश पर यहां लोअर बाजार थाना और सदर थाना की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग की। मंगल टावर के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोका गया। मौके पर सिटी DSP केवी रमन, सदर DSP संजीव बेसरा, सदर थानेदार इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह और खादगढ़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक मौजूद थे। यहां चेकिंग सिर्फ औपचारिक नहीं थी। पुलिस हर गाड़ी की डिक्की, हेलमेट, कागजात और संदिग्ध हरकतों पर नजर रख रही थी।
मुक्तिधाम पुल के पास ‘संयुक्त मोर्चा’
शहर के एक और संवेदनशील इलाके मुक्तिधाम पुल के पास भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। यहां अरगोड़ा थाना और सुखदेव नगर थाना की संयुक्त टीम तैनात रही। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। कई लोगों से पूछताछ हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह इलाका इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से कई कॉलोनियों और शहर के बाहरी इलाकों की कनेक्टिविटी जुड़ी है।
शहीद चौक पर सख्ती, कई थानों की टीम उतरी
रांची के बीचोंबीच शहीद चौक… जहां दिनभर दुकानें खुली रहती हैं, लोग आते-जाते रहते हैं। लेकिन यही भीड़ कई बार अपराधियों के लिए छिपने का मौका बन जाती है। इसी को देखते हुए यहां कोतवाली, हिंदपीढ़ी और डेली मार्केट थाना की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस ने हर दिशा से आने वाले वाहनों को रोका, संदिग्धों की तलाशी ली और कई युवकों से पूछताछ की।
तीनों SP भी सड़कों पर उतरे, खुद संभाली कमान
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि सिर्फ थाना स्तर के पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि तीनों SP भी मैदान में उतरे। ट्रैफिक SP राकेश सिंह, सिटी SP पारस राणा और रूरल SP गौरव गोस्वामी… तीनों अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान की निगरानी की। जवानों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध को नजरअंदाज न किया जाए। जानकारी के मुताबिक SSP राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए हॉट स्पॉट पर लगातार चेकिंग जारी रखी जाए।
चेकिंग के दौरान दिखा ‘सुरक्षा का भरोसा’
चेकिंग के दौरान पुलिस ने कई वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी। बिना हेलमेट चल रहे युवकों को समझाया गया और कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई। लेकिन इस पूरे अभियान में सबसे बड़ा बदलाव लोगों के चेहरे पर दिखता भरोसा था। जहां पहले लोग पुलिस को देखकर सिर्फ चालान के डर से परेशान होते थे, वहीं अब कई लोग इसे सुरक्षा की जरूरत मान रहे हैं।
पुलिस का संदेश साफ : अपराधियों के लिए अब रांची सुरक्षित नहीं
रांची पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा। शहर के सभी महत्वपूर्ण इलाकों में अचानक चेकिंग कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहनों की जांच के साथ-साथ अपराधियों के नेटवर्क पर भी नजर रखी जा रही है।
अब हर चौक पर पुलिस, हर कदम पर निगरानी
रांची में एंटी क्राइम अभियान सिर्फ पुलिस की कार्रवाई नहीं, बल्कि शहर को सुरक्षित बनाने की कोशिश है। सड़क पर खड़े जवान, बैरिकेडिंग के पीछे तैनात अफसर और हर गुजरते वाहन पर नजर… यह सब बता गया कि राजधानी अब अपराधियों के लिए पहले जैसी आसान नहीं रही।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत का तमाम DC को सख्त आदेश- सभी अस्पतालों का करें ऑडिट

