अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Assam : असम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना में इस बार एक दिलचस्प तस्वीर उभर रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी JMM भले ही असम की बड़ी ताकतों में शामिल न हो, लेकिन उसके प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींच लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ‘एकला चलो’ रणनीति का असर अब साफ दिखने लगा है।
JMM ने बनाई मजबूत मौजूदगी
इस चुनाव में JMM ने अकेले मैदान में उतरने का फैसला किया था। शुरुआत में इसे जोखिम माना जा रहा था, लेकिन अब रुझानों को देखकर लग रहा है कि पार्टी ने सही दांव खेला। कई सीटों पर पार्टी ने अच्छे वोट बटोरे हैं और मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
मजबात और डिगबोई में बढ़िया प्रदर्शन
मजबात और डिगबोई सीट से JMM के लिए सबसे ज्यादा उत्साहजनक खबर आई है। मजबात सीट पर प्रीति रेखा बारला ने 26,252 वोट हासिल किए हैं और दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। यह आंकड़ा बताता है कि पार्टी ने यहां मजबूत पकड़ बनाई है। वहीं डिगबोई सीट से भारत नायक ने भी सबको चौंकाते हुए 6,433 वोट हासिल किए हैं और दूसरे नंबर पर टिके हुए हैं।
बाकी सीटों पर भी मिला अच्छा समर्थन
सिर्फ दो सीट ही नहीं, बल्कि कई अन्य जगहों पर भी JMM उम्मीदवारों को ठीक-ठाक वोट मिले हैं।
- भेरगांव से प्रभात दास पानिका को 10,997 वोट
- मारगेरिटा से जरनैल मिंज को 6,846 वोट
- रंगापाड़ा से मैथ्यू टोपनो को 4,810 वोट
- चबुआ से भूपेन सिंह मुरारी को 4,190 वोट
- बरचला से अबुल माजन को 3,748 वोट
- बिस्वनाथ से तेहारु गौर को 3,581 वोट
- सोनारी से बलदेव तेली को 3,432 वोट
- खुमटाई से अमित नाग को 3,039 वोट
- नहरकटिया से संजय बाघ को 2,754 वोट
- तिंगखोंग से महाबीर बास्के को 2,619 वोट
- डुलियाजान से पीटर मिंज को 1,919 वोट
आगे क्या संकेत मिलते हैं
इन नतीजों से साफ है कि JMM धीरे धीरे असम में अपनी जमीन तलाश रही है। अभी जीत भले दूर हो, लेकिन वोट प्रतिशत और कई सीटों पर दूसरा स्थान हासिल करना पार्टी के लिए बड़ा संकेत है। आने वाले चुनावों में अगर इसी तरह काम जारी रहा, तो JMM असम की राजनीति में और मजबूत खिलाड़ी बन सकती है। अभी के लिए इतना जरूर कहा जा सकता है कि ‘एकला चलो’ का प्रयोग खाली नहीं गया।
इसे भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 : भाजपा का पलड़ा भारी, टीएमसी दबाव में

