अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Prince Verma) : रजरप्पा थाना क्षेत्र के कोइहारा गांव में लंबे समय से चल रहे डीजल चोरी के खेल का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। CCL के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के कुछ लोग रोजाना CCL क्षेत्र से बड़ी मात्रा में डीजल चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने सोमवार को टीम के साथ छापामारी अभियान चलाया।
घर से मिला भारी मात्रा में डीजल
छापेमारी के दौरान एक घर से करीब 600 लीटर डीजल बरामद किया गया। इसके अलावा मौके से लगभग 30 गैलन और डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाले पाइप भी जब्त किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में डीजल मिलने से साफ है कि यह काम लंबे समय से संगठित तरीके से चल रहा था।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
सीसीएल सुरक्षा टीम की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इस गिरोह में कई लोग शामिल हो सकते हैं, जो रोजाना डीजल चोरी कर उसे बेचते थे। छापेमारी के बाद कई संदिग्ध लोग गांव से गायब भी बताए जा रहे हैं।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद रजरप्पा पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी का खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पुलिस इस मामले में पहले क्यों सक्रिय नहीं हुई। सीसीएल की इस कार्रवाई के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा और इसमें शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जब्त डीजल और सामान को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें : असम में JMM ने दिखाया दम, CM हेमंत की ‘एकला चलो’ रणनीति ने चौंकाया

