अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रात का सन्नाटा, सुनसान सड़क और आमने-सामने खड़े दो वाहन। किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि हाई बीम लाइट और रास्ता देने को लेकर शुरू हुई मामूली बहस कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल जाएगी। रातू थाना क्षेत्र के मालमाडु गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सड़क पर पहले गाली-गलौज हुई, फिर लाठी-डंडे चले और आखिर में घायल युवक की लाइसेंसी राइफल तक छीन ली गई। घटना में गंभीर रूप से घायल सतीश कुमार और उनका सहयोगी फिलहाल रांची के मेडिका अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। वहीं पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर इस पूरे मामले का खुलासा कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सुनसान सड़क पर आमना-सामना और बढ़ता गया तनाव
रांची के रुरल एसपी गौरव गोस्वामी ने मीडिया को बताया कि बीते पांच मई की रात सतीश कुमार अपने साथी के साथ महिंद्रा XUV से तारूप की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सामने से एक पिकअप वैन आ रही थी। सड़क संकरी थी। आरोप है कि दोनों गाड़ियों के बीच पहले साइड देने को लेकर लफड़ा शुरू हुआ। फिर हाई बीम लाइट बंद करने की बात पर माहौल गरमा गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पिकअप वैन में सवार लोगों ने XUV सवार युवकों पर हमला बोल दिया।
सड़क पर चीख-चित्कार, बेरहमी से पीटते रहे आरोपी
इल्जाम है कि दोनों युवकों को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया। रात के सन्नाटे में चीख-चित्कार गूंजती रही, लेकिन हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। घटना का सबसे सनसनीखेज पहलू तब सामने आया, जब आरोपियों ने घायल सतीश कुमार की लाइसेंसी 0.315 बोर राइफल भी छीन ली। वारदात के बाद सभी आरोपी पिकअप वैन लेकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, इलाके में फैल गई दहशत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, सड़क पर हुई इस खूनी वारदात की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। रातू थाना में मामले को लेकर कांड दर्ज किया गया। राइफल लूटे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई।
एसएसपी ने बनाई स्पेशल टीम, शुरू हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने तुरंत विशेष टीम गठित की। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में डीएसपी मुख्यालय द्वितीय अरविंद कुमार और खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई। रातू थानेदार इंस्पेक्टर आदिकांत महतो टीम को लीड कर रहे थे। इसके बाद रातभर कई इलाकों में छापेमारी शुरू हुई। पुलिस लगातार आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देती रही।
मुरचू गांव से पकड़े गए सभी आरोपी
पुलिस को सबसे बड़ी सफलता तब मिली, जब रातू थाना क्षेत्र के मुरचू गांव में छापेमारी कर एक-एक कर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सतीश उरांव, सुखनाथ गोप, दासुवा उरांव, रंजीत गोप, सोमरा उरांव, विपिन उरांव और बबलू अहीर शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर छीनी गई लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली गई। वहीं घटना में इस्तेमाल पिकअप वैन संख्या JH01-EF 4034 को पिठौरिया थाना क्षेत्र से जब्त किया गया।
24 घंटे में खुल गया पूरा मामला
एसपी गौरव गोस्वामी का कहना है कि सड़क पर हुई इस हिंसक वारदात को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई की गई। यही वजह रही कि 24 घंटे के भीतर न सिर्फ सभी आरोपी गिरफ्तार हो गए, बल्कि छीनी गई राइफल भी बरामद कर ली गई। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच इस बात की भी की जा रही है कि घटना के दौरान और कौन-कौन लोग शामिल थे और विवाद अचानक इतना हिंसक कैसे हो गया। क्या बोल गये रुरल एशपी गौरव गोस्वामी… देखें
रांची के रातू में हाई बीम और साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटा, लाइसेंसी राइफल छीनकर फरार हो गए। 24 घंटे के भीतर सभी 7 आरोपी गिरफ्तार, राइफल बरामद रुरल SP गौरव गोस्वामी क्या बोले…#Ranchi #Jharkhand #CrimeNews #Ratu pic.twitter.com/oNdNJ8ta15
— News Samvad (@newssamvaad) May 7, 2026
Also Read : चलती ट्रेन में पिस्तौल लहराकर मचाया आतंक, RPF ने निकाल दी हेकड़ी

