अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र का छोटा सा गांव दुलसुलमा। गांव में सबकुछ नॉर्मल था, लेकिन 15 मई की रात यहां ऐसा खूनी खेल हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। अगले दिन जब पहाड़ी इलाके में एक पेड़ से युवक की लाश लटकती मिली तो गांव में चर्चा शुरू हो गई कि युवक ने आत्महत्या कर ली। लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी कुछ और ही निकली। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्यार, गुस्से और रिश्तों के टकराव में की गई हत्या थी। मृतक की पहचान पवन सिंह के रूप में हुई। हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार किया है।
शादीशुदा मौसेरी बहन से हो गया था इश्क
पुलिस जांच में सामने आया कि पवन सिंह का अपनी मौसेरी बहन सोनी देवी से इश्क चल रहा था। दोनों के बीच पिछले डेढ़ से दो महीने से बातचीत और मुलाकात हो रही थी। गांव में भी धीरे-धीरे इसकी चर्चा होने लगी थी। सोनी देवी शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां भी है। इसके बावजूद पवन सिंह उससे शादी करना चाहता था। पुलिस के मुताबिक पवन लगातार सोनी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि सोनी इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं थी।
आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा था पवन
15 मई की रात पवन सिंह चुपके से सोनी देवी से मिलने उसके मायके पहुंच गया। रात गहरी हो चुकी थी। गांव में ज्यादातर लोग सो चुके थे। इसी बीच दोनों की मुलाकात हो रही थी और शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। तभी अचानक सोनी देवी के पिता रवि सिंह की नजर दोनों पर पड़ गई।
बेटी को पवन के साथ देखकर खो बैठा आपा
डीएसपी राजेश यादव के अनुसार बेटी को पवन के साथ देखकर रवि सिंह गुस्से से आगबबूला हो गया। मामला उसकी इज्जत और परिवार की बदनामी से जुड़ गया। गुस्से में उसने पास में रखा डंडा उठाया और पीछे से पवन सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि पवन सिंह मौके पर ही गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घर के अंदर अचानक पसरे सन्नाटे के बीच रवि सिंह समझ चुका था कि अब मामला हत्या में बदल चुका है।
हत्या के बाद रची आत्महत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद रवि सिंह ने खुद को बचाने के लिए पूरी साजिश रची। उसने शव को कंधे पर उठाया और गांव के पास स्थित हड़ही पहाड़ की तरफ निकल गया। वहां उसने मृतक के ही गमछे से एक पेड़ पर शव को लटका दिया, ताकि देखने वालों को लगे कि युवक ने खुदकुशी की है। सुबह जब पेड़ से युवक की लाश लटकती मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के लोग मौके पर जुट गए। शुरुआत में मामला आत्महत्या का ही लग रहा था।
पिता ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
मृतक के पिता विजय सिंह ने इस मामले में सतबरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने सोनी देवी, उसके पति फंटूश सिंह और देवर पंकज सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने हर पहलू पर जांच शुरू की। घटनास्थल, परिवार वालों से पूछताछ और परिस्थितियों का मिलान किया गया। जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिससे मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की तरफ जाता दिखा।
पुलिस पूछताछ में खुल गया राज
सख्ती से पूछताछ होने पर रवि सिंह टूट गया। उसने पूरी घटना पुलिस के सामने कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली गई। रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में डीएसपी राजेश यादव ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी के साथ पवन का इश्क ही हत्या की मुख्य वजह बना।
इसे भी पढ़ें : महज ₹1400 में फर्जी बर्थ सर्टिफिक्ट, SDM ने रेड कर सील किया सेंटर

