अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में शिक्षा का अधिकार अधिनियम यानी RTE के तहत निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर बच्चों के नामांकन के लिए मंगलवार 19 मई 2026 को ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया समाहरणालय स्थित NIC कॉन्फ्रेंस हॉल में शाम 4 बजे आयोजित की जाएगी। यह नामांकन प्रक्रिया सत्र 2026-27 के लिए होगी। इसके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर और अभिवंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाई का मौका मिलेगा।
ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से होगी प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने बताया कि पूरी लॉटरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी ताकि नामांकन में पूरी पारदर्शिता बनी रहे। बच्चों का चयन कंप्यूटर आधारित लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा। इससे किसी तरह की गड़बड़ी या पक्षपात की संभावना नहीं रहेगी। लॉटरी समाहरणालय भवन के ब्लॉक-A स्थित कक्ष संख्या 608 में बने NIC कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी। प्रक्रिया के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मी मौजूद रहेंगे।
निजी स्कूलों में मिलती है 25 फीसदी सीटें
RTE कानून के तहत मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत सीटें कमजोर और अभिवंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित रखना अनिवार्य है। इन सीटों पर चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से निजी स्कूलों में पढ़ाई नहीं कर पाते।
अभिभावकों की बढ़ी उम्मीदें
लॉटरी प्रक्रिया को लेकर अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है। कई परिवारों ने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ आवेदन किया है। अब सभी की नजर मंगलवार शाम होने वाली ऑनलाइन लॉटरी पर टिकी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चयनित बच्चों की सूची लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी, जिसके बाद आगे की नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में एनका’उंटर, 27 लाख लूटकांड के मास्टरमाइंड को लगी गोली

