अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Rohtas : रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के बस्तीपुर गांव में बंद कमरे से 42 वर्षीय आशीष रंजन का शव मिलने के बाद गांव और आसपास के लोग स्तब्ध हैं। आशीष एक मशहूर डॉक्टर के बेटे थे। इस घटना के बाद लोग रिश्तों में बढ़ती दूरियों और अकेलेपन को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
कई रोज से बंद था कमरा, दुर्गंध आने पर लोगों को हुआ शक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आशीष रंजन पिछले कई दिनों से घर से बाहर नहीं दिखे थे। उनका कमरा लगातार बंद था। इसी बीच आसपास के लोगों को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। पहले लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन जब बदबू बढ़ने लगी तो मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इंद्रपुरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में आशीष रंजन मृत अवस्था में पड़े मिले। बताया जा रहा है कि उनकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले ही हो चुकी थी। लंबे समय तक शव कमरे में पड़े रहने की वजह से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी।
वर्क फ्रॉम होम करते थे, लोगों से कम रखते थे संपर्क
स्थानीय लोगों और पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आशीष रंजन किसी बड़ी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम के जरिए काम करते थे। वे काफी शांत स्वभाव के थे और ज्यादा लोगों से मेलजोल नहीं रखते थे। यहां तक कि रोजमर्रा का सामान और खाना भी ऑनलाइन मंगवाते थे। पड़ोसियों का कहना है कि वे अक्सर घर के अंदर ही रहते थे। कई लोगों को तो यह भी पता नहीं था कि वे पिछले कुछ दिनों से बाहर क्यों नहीं निकले।
तलाक के बाद अकेले रह रहे थे आशीष
मिली जानकारी के अनुसार, आशीष रंजन का वैवाहिक जीवन भी लंबे समय से तनाव में चल रहा था। पत्नी से उनका तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वे अपने मकान में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव और अकेलापन उनके जीवन का हिस्सा बन चुका था। इस घटना के बाद इलाके में लोग यह चर्चा करते नजर आए कि आधुनिक जीवनशैली में लोग धीरे-धीरे सामाजिक संबंधों से कटते जा रहे हैं। कई लोग इसे अकेलेपन और मानसिक तनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
इसे भी पढ़ें : CCTV में कैद हुए बेखौफ नकाबपोश, क्या किया कांड… जानें

