अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के कुजू परियोजना क्षेत्र में गुरुवार को अवैध कोयला खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। सीसीएल सुरक्षा विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पानी टंकी के पास चल रहे एक अवैध खनन मुहाने को बुलडोजर से पूरी तरह बंद करा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हलचल रही। जैसे ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची, अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक दिन की कार्रवाई नहीं है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि कोयला चोरी और अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
सूचना मिलने पर पहुंची टीम, मशीन से बंद कराया मुहाना
सीसीएल और वन विभाग की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि कुजू परियोजना क्षेत्र में पानी टंकी के पास अवैध तरीके से कोयला निकाला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में अवैध खनन की पुष्टि होने पर भारी मशीन मंगाई गई और मुहाने की डोजरिंग कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने आसपास के इलाके का भी निरीक्षण किया ताकि कहीं और इस तरह की गतिविधियां तो नहीं चल रहीं।
राष्ट्रीय संपत्ति की चोरी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
कार्रवाई के दौरान मौजूद सीसीएल सुरक्षा विभाग के हेमंत सिंह ने कहा कि कोयला देश की महत्वपूर्ण संपत्ति है और इसकी सुरक्षा सीसीएल की जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ कहा कि अवैध खनन और कोयला चोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि दोबारा किसी ने अवैध मुहाना बनाकर खनन करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कई अधिकारियों की मौजूदगी में चला अभियान
इस कार्रवाई में सीसीएल सुरक्षा विभाग के सुशील कुमार, शकलदेव महतो, खखुन रविदास और अजय कुमार मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से रमेश रावत और पवन अग्रवाल ने अभियान में हिस्सा लिया। कुजू वन समिति के अध्यक्ष रंजीत कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई पर नजर रखी। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और कोयला चोरी पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिन इलाकों में इस तरह की गतिविधियों की आशंका है, वहां नियमित निगरानी की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम से पहले सड़कों पर उतरी रामगढ़ पुलिस, नापाक मंसूबे वालों को अल्टीमेटम

