अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hathras (UP) : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को हाथरस पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों को कई नई योजनाओं की सौगात दी और विकास, कानून व्यवस्था, किसानों के हित, रोजगार और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की। अपने करीब एक घंटे के संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी जमकर हमला बोला।
हाथरस की पहचान का किया जिक्र
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए सीएम ने ब्रज की पावन धरती हाथरस को नमन किया। उन्होंने कहा कि हाथरस स्वतंत्रता आंदोलन में अपने योगदान, वीरों की धरती, काका हाथरसी की साहित्यिक विरासत, हींग की खुशबू और गुड़ की मिठास के लिए पूरे देश में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आज हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
बोले, मजबूत कानून व्यवस्था से ही आता है विकास
सीएम योगी ने कहा कि जहां कानून व्यवस्था मजबूत होती है, वहीं विकास संभव होता है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में आए दिन दंगे, कर्फ्यू और गुंडागर्दी की खबरें आती थीं। मथुरा के जवाहर बाग, कोसीकलां, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय व्यापार प्रभावित होता था और युवाओं का भविष्य भी अंधकार में चला जाता था। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में न दंगा हुआ, न कर्फ्यू लगा और न ही माफियाओं को सिर उठाने दिया गया। उनके अनुसार आज उत्तर प्रदेश निवेश और विकास के लिए सुरक्षित राज्य बन चुका है।
मोहर्रम के जुलूस का भी किया जिक्र
सीएम ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में करीब 12 हजार मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले और कहीं भी दंगा या पथराव जैसी घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार की साफ नीति है कि ताजिए के नाम पर किसी गरीब का घर नहीं हटाया जाएगा और न किसी मकान का छज्जा तोड़ा जाएगा। अगर जरूरत होगी तो ताजिए की ऊंचाई कम की जाएगी, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं होगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
सीएम योगी ने कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर और वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं ताकि किसानों को बेहतर बीज और नई तकनीक मिल सके। उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और खेती को लाभ का सौदा बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
सीएम ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान, हर घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार होली और दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर भी उपलब्ध करा रही है।
युवाओं को लेकर कही बड़ी बात
सीएम ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश का युवा दूसरे राज्यों में जाकर अपनी पहचान छिपाता था क्योंकि प्रदेश की छवि खराब थी। अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा गर्व के साथ अपनी पहचान बताता है और उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का बड़ा ग्रोथ इंजन बन चुका है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात करते हैं, जबकि उनकी सरकार में रामभक्तों पर गोली चली थी। उन्होंने कहा कि अयोध्या को रामभक्तों ने संवार दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव से पहले पश्चाताप करने और रामलला के दर्शन करने की सलाह दी। सीएम ने आगे कहा कि अगर अखिलेश यादव में हिम्मत है तो उन्हें मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर बोलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है।
कांग्रेस और आपातकाल पर भी बोला हमला
सीएम योगी ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव समेत कई नेताओं को जेल भेज दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज समाजवादी पार्टी उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुलायम सिंह यादव की विरासत का अपमान कर रही है।
हाथरस के विकास का रखा रोडमैप
सीएम ने कहा कि हाथरस के विकास के लिए सड़क, फ्लाईओवर, मेडिकल कॉलेज, बस स्टैंड और अन्य कई परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे हाथरस, कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का भी काम कर रही है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
सीएम ने कहा कि हाथरस की हींग और यहां का गुड़ पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। सरकार स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर जिले की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगी। उन्होंने विकास परियोजनाओं की सौगात पर हाथरस की जनता को बधाई देते हुए कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ती रहेगी।
इसे भी पढ़ें : मोटे कमीशन के लालच में बैंक को लगाया करोड़ों का चूना, फिर…

