अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में बिजनेस शुरू करने और नई फैक्ट्रियां लगाने की सोच रहे लोगों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर आई है। राज्य सरकार ने निवेशकों को लुभाने और उन्हें ज्यादा से ज्यादा सहूलियत देने के लिए अपनी एक बेहद खास योजना, ‘बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (BIIPP) 2025’, की समय-सीमा को आगे बढ़ा दिया है। सम्राट कैबिनेट की बैठक में उद्योग विभाग के इस जरूरी प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है।
कब तक बढ़ी इस स्कीम की तारीख
पहले तय योजना के मुताबिक, इस पैकेज का फायदा सिर्फ 30 जून 2026 तक ही उठाया जा सकता था। लेकिन अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दिया है। हालांकि, इसके साथ एक छोटी सी शर्त भी जुड़ी है। अगर बिहार सरकार 31 दिसंबर से पहले अपनी नई ‘औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2026’ लागू कर देती है, तो यह पुरानी स्कीम उसी दिन खत्म हो जाएगी। सीधे शब्दों में कहें तो 31 दिसंबर 2026 या नई नीति लागू होने की तारीख, दोनों में से जो भी पहले आए, तब तक निवेशकों को इस पैकेज का लाभ मिलता रहेगा।
क्यों लिया गया यह फैसला
सरकार का मानना है कि इस फैसले से राज्य में आ रहे निवेश की रफ्तार थमेगी नहीं। अक्सर ऐसा होता है कि एक नीति खत्म होने और दूसरी नीति आने के बीच में जो समय बचता है, उसमें निवेशक असमंजस में पड़ जाते हैं कि उन्हें पुरानी स्कीम का फायदा मिलेगा या नहीं। इस विस्तार से वह असमंजस पूरी तरह खत्म हो जाएगा। नए और पुराने, दोनों तरह के निवेशकों को बिना किसी रुकावट के सरकारी प्रोत्साहन और स्कीमों का फायदा मिलता रहेगा, जिससे उनका भरोसा बिहार सरकार पर और मजबूत होगा।
क्या कहना है उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह का
इस फैसले पर खुशी जताते हुए बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज की अवधि बढ़ाना निवेशकों को एक सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देने की तरफ एक बड़ा कदम है। इससे न सिर्फ राज्य में नया निवेश आएगा और पुराने उद्योगों को विस्तार मिलेगा, बल्कि सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके तैयार होंगे।
उद्योग विभाग की तैयारी पूरी
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि जमीन पर निवेशकों की तरफ से काफी अच्छा और सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है। लोग बिहार में पैसा लगाने के इच्छुक हैं, इसी उत्साह को देखते हुए इस पैकेज का समय बढ़ाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका विभाग हर निवेशक को बिना किसी देरी के, पूरी पारदर्शिता के साथ बेहतर सुविधाएं देने के लिए चौबीसों घंटे तैयार है।
इसे भी पढ़ें : काम नहीं तो घर बैठे भत्ता, देरी हुई तो जुर्माना : ‘VB-G RAM G’ से बदलेगी बिहार के मजदूरों की किस्मत

