अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और हरियाणा के कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यहां तेज आंधी, बिजली चमकने और 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, केरल और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है।
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। गैर जरूरी यात्रा न करें और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें।जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। हिमाचल और उत्तराखंड में 9 से 14 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है।कम दबाव का सक्रिय सिस्टम पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश ला सकता है। खासकर 9 जुलाई और 11 से 14 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश होने का अनुमान है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना है।
बिहार, झारखंड और बंगाल में बिजली गिरने का खतरा
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है। लोगों से खुले मैदानों और खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 जुलाई तक लगातार बारिश का अनुमान है। वहीं कोंकण, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में व्यापक बारिश होने की संभावना है। केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने का भी अनुमान है।
अगले कुछ दिन रहें सतर्क
मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम खराब बना रह सकता है। ऐसे में मौसम की ताजा जानकारी लेते रहें, प्रशासन की सलाह का पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

