अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vietnam : वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया, जबकि भारतीय दूतावास भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
समुद्र में पलटी स्पीडबोट
जानकारी के अनुसार, ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की ओर से संचालित स्पीडबोट शनिवार दोपहर करीब एक बजे हॉन मे रट (Hon May Rut) से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) लौट रही थी। इसी दौरान फु क्वोक हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर दूर और होन मे रट एन्ग्वाई (Hon May Rut Ngoai) से लगभग 400 मीटर की दूरी पर नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए।
15 भारतीयों की मौत, जांच जारी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और एपी के अनुसार, हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हुई है। हालांकि स्थानीय प्रशासन अभी भी यात्रियों की पूरी जानकारी और हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की वजह और नाव में सवार लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि की जा रही है।हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन की ओर से खोज और बचाव अभियान चलाया गया। दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके अलावा हनोई में भी सहायता केंद्र स्थापित किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
हादसे से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- +84362817930
- +84915523714
- +84334520414
- +84913089165 (हनोई)
बचाव अभियान में आई मुश्किलें
हादसे के समय आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाएं तुरंत मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गईं। बचाव अभियान में शामिल एक नाव चालक ने बताया कि उनकी टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे थे, जिससे राहत कार्य काफी कठिन हो गया। समुद्र भी उस समय अशांत था, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हुआ।फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और प्रमुख पर्यटन केंद्र है। पर्यटन विभाग के अनुसार, इस साल के पहले छह महीनों में यहां 57 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत ज्यादा हैं। इनमें 13.2 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। अब इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच में जुटा हुआ है।

