अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jayedv Kumar) : पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बल्लभपुर बिजली सब-स्टेशन (33/11 केवी पीएसएस) में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। सब-स्टेशन के भीतर एक युवक पोस्ट इंसुलेटर का एल्युमिनियम हेड चुराने का प्रयास कर रहा था। उसी वक्त ड्यूटी पर तैनात जूनियर लाइनमैन अशोक राम की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने उसे रंगे हाथों पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, खुद को घिरता देख आरोपी युवक बिजली दफ्तर की ऊंची दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।
खिड़की से देखा तो तोड़ रहा था इंसुलेटर
जूनियर लाइनमैन अशोक राम ने घटना की पूरी कहानी बताते हुए कहा कि सोमवार सुबह वह सब-स्टेशन के पैनल रूम में अपना रोजमर्रा का काम निपटा रहे थे। इसी बीच उन्हें परिसर में लगे ट्रांसफार्मर के पास से कुछ अजीब सी आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने शक होने पर खिड़की से बाहर झांका, तो दंग रह गए। वहां हंजला शेख नाम का एक युवक रिजर्व में रखे इंसुलेटर का एल्युमिनियम हेड तोड़ रहा था।
लाइनमैन पर हमले की कोशिश, डंडा लेकर दौड़े अशोक
अशोक राम ने तुरंत खिड़की से ही आवाज लगाई और उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक आरोपी एल्युमिनियम हेड तोड़ चुका था। जैसे ही लाइनमैन उसे पकड़ने के लिए बाहर दौड़े, आरोपी युवक डरा नहीं बल्कि उल्टा उन पर हमला करने के लिए आगे बढ़ गया। लाइनमैन अशोक राम ने भी सूझबूझ दिखाई और जमीन पर पड़ा एक डंडा उठा लिया। डंडा तानकर जैसे ही अशोक राम उसकी तरफ बढ़े, आरोपी के हौसले पस्त हो गए और वह सब-स्टेशन की बाउंड्री वॉल फांदकर नौ दो ग्यारह हो गया।
पुलिस पहुंची मौके पर, आरोपी पहले भी कर चुका है गड़बड़ी
इस दुस्साहसिक घटना के तुरंत बाद मुफ्फसिल थाने को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिजली सब-स्टेशन पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की छानबीन शुरू की। लाइनमैन ने पुलिस को बताया कि बेल पहाड़ी का रहने वाला हंजला शेख कोई नया चोर नहीं है। वह पहले भी कई बार इस बिजली सब-स्टेशन में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। इस शातिर युवक के खिलाफ पहले भी थाने में लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें थमी नहीं हैं।
नशे की लत के लिए बार-बार काट रहा था तार
लाइनमैन अशोक राम के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले भी इसी हंजला शेख ने सब-स्टेशन परिसर में घुसकर तांबे का कीमती केबल तार चुराया था। सिर्फ इतना ही नहीं, उसने एक बार ट्रांसफार्मर से तेल निकालने की भी कोशिश की थी। लाइनमैन ने बताया कि इस युवक की हरकतों और चोरियों की वजह से कई बार सब-स्टेशन में बड़ा तकनीकी फॉल्ट (विद्युत फाल्ट) हो चुका है, जिससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो जाती है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पूछताछ और जानकारी के अनुसार, युवक अपनी नशे की लत को पूरा करने और नशीले पदार्थों का इंतजाम करने के लिए इस तरह की चोरियां करता है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

