अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की बेटियां सिर्फ नौकरी पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनें। इसके लिए उन्हें अच्छी शिक्षा के साथ कौशल और आत्मविश्वास देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव हैं। सरकार का जोर है कि बिहार की बेटियां उच्च शिक्षा हासिल करें, अपने हुनर को पहचानें और अपने पैरों पर खड़ी हों।
सीएम गुरुवार को पटना के मगध महिला महाविद्यालय में G+6 साइंस ब्लॉक और ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर कार्यारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से भी बातचीत की। छात्राओं ने अपनी पढ़ाई, कॉलेज की सुविधाओं और दूसरी जरूरतों से जुड़ी बातें सीएम के सामने रखीं। सीएम ने छात्राओं से कहा कि वे बिना झिझक अपनी बात रखें, क्योंकि सरकार जानना चाहती है कि कॉलेज में पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए और क्या किया जा सकता है।

सीएम बोले- अपनी मंजिल तय करें और आगे बढ़ें
सीएम सम्राट चौधरी ने छात्राओं से कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा के हर क्षेत्र में वे अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें सही संसाधन और बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत और समृद्ध बिहार’ के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं और बेटियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। सीएम ने कहा कि जब बेटियां पढ़ेंगी और अपने पैरों पर खड़ी होंगी, तभी परिवार और समाज के साथ बिहार भी तेजी से आगे बढ़ेगा।
मगध महिला महाविद्यालय में बनने वाले नए साइंस ब्लॉक को लेकर सीएम ने कहा कि इससे छात्राओं को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। आधुनिक भवन में पढ़ाई के साथ शोध के लिए भी बेहतर माहौल तैयार होगा। वहीं ऑडिटोरियम बनने से कॉलेज में सेमिनार, शैक्षणिक कार्यक्रम और दूसरी गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी।

पीएचडी से लेकर स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड तक, योजनाओं का बताया फायदा
शोधार्थी छात्राओं से बातचीत के दौरान सीएम ने मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा बेटियां शोध के क्षेत्र में आगे आएं। इस योजना से छात्राओं को पीएचडी करने में मदद मिलेगी और वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकेंगी।
सीएम ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए बिहार के बच्चों को सरकार की ओर से सहयोग दिया जा रहा है। उनका कहना था कि पैसे की कमी की वजह से किसी बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि एक दिन में 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके। इसके अलावा 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं।
सीएम ने छात्राओं से कहा कि अगर कॉलेज या पढ़ाई से जुड़ी कोई समस्या है तो विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत और सुझाव दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान 30 दिनों के अंदर करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने छात्राओं के सुझावों को भी महत्वपूर्ण बताया।

सुरक्षित माहौल के साथ खेल और दूसरी गतिविधियों पर भी जोर
सीएम ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के समय पुलिस दीदी की तैनाती की गई है, ताकि किसी तरह की असामाजिक गतिविधि न हो। उन्होंने कहा कि बेटियां सुरक्षित माहौल में पढ़ें, यह सरकार की जिम्मेदारी है।
सीएम ने छात्राओं से कहा कि वे पढ़ाई के साथ खेल-कूद, जिम और दूसरी गतिविधियों में भी हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि इससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास होगा और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने मगध महिला महाविद्यालय की ‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन किया। एनसीसी की छात्राओं ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने महिला छात्रावास का निरीक्षण किया और वहां छात्राओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि छात्राओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
शोधार्थी छात्राओं ने सीएम को अभिनंदन पत्र भेंट कर मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिए आभार जताया। कॉलेज की छात्राओं ने सीएम को रक्षा सूत्र भी बांधा।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाईगर, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, सीएम के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजय कुमार सिंह, मगध महिला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. एनपी वर्मा समेत शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।
इसे भी पढ़ें : नेपाल में सैलाब, बिहार में हाई अलर्ट… CM सम्राट ने सीमावर्ती इलाकों का लिया जायजा



