अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : शहर के कालीभषान स्थित इस्कॉन के श्री श्री राधा राधाविहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को होने वाले इस बड़े आयोजन की तैयारियां अब अपने अंतिम दौर में हैं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। रंग-रोगन का काम पूरा होने के बाद अब मंदिर का नजारा काफी भव्य दिखने लगा है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों को धूप और बारिश से बचाने के लिए मंदिर परिसर में एक बड़ा पंडाल भी तैयार किया गया है। मंदिर प्रबंधन का अनुमान है कि इस बार पहले से कहीं ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे, इसलिए व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए स्वयंसेवक दिन-रात जुटे हुए हैं।
रात 12 बजे महाआरती और दिनभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
शुक्रवार सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्ति के सुर गूंजने लगेंगे। दिन की शुरुआत मंगला आरती और दर्शन आरती के साथ होगी, जिसके बाद लगातार हरिनाम संकीर्तन चलेगा। मंदिर परिसर में एक मेला भी लगेगा और कला मंच पर बच्चों व कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों के बीच भगवान का महाअभिषेक किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण आधी रात को निशीथ काल में होने वाली महाआरती होगी, जब कान्हा के जन्म के साथ ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठेगा। मध्यरात्रि की इस विशेष पूजा में शामिल होने के लिए हर साल की तरह इस बार भी भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
शनिवार को मनेगा प्रभुपाद आविर्भाव महोत्सव, बंटेगा महाप्रसाद
जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्री भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का आविर्भाव महोत्सव और व्यास पूजा श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। सुबह की मंगला कीर्तन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा, जिसके बाद श्रील प्रभुपाद का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। दिनभर महाभोग आरती, भजन-कीर्तन, तुलसी आरती, संध्या आरती और प्रभुपाद गुरु कीर्तन का सिलसिला जारी रहेगा। मंदिर समिति के अनुसार शनिवार दोपहर को मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद बांटा जाएगा। दो दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : हिन्दी के शब्दों से होगी दिमाग की जंग, 14 सितंबर से ‘भारतीय गूढ़ वर्ग पहेली 2026’

