अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gaya : गया जिले के मुफस्सिल थाना इलाके में रात के अंधेरे में एक घर में घुसकर कट्टे की नोक पर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के तीन शातिर बदमाशों के साथ चोरी का सोना गलाने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने 28 हजार 390 रुपए नकद, तीन मोटरसाइकिल, करीब 35 ग्राम सोना, 571 ग्राम चांदी, एक मोबाइल फोन और पेटीएम का साउंड बॉक्स बरामद किया है। सभी आरोपी इलाके में घूम-घूम कर रेकी करते थे और मौका मिलते ही धावा बोल देते थे।
सोते परिवार को बंधक बनाकर लूटे थे गहने और नकदी
वारदात 26 सितंबर की रात की है। पीड़ित परिवार रात का खाना खाकर चैन की नींद सो रहा था। देर रात खटपट की आवाज सुनकर जब गृहस्वामी की आंख खुली तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कुछ नकाबपोश बदमाश अवैध हथियार लिए कमरे के अंदर खड़े थे। बदमाशों ने परिवार के लोगों पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने महिला के शरीर से पहने हुए सारे जेवरात उतरवा लिए और अलमारी में रखे बैग से करीब 20 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। सुबह होते ही पीड़ित ने मुफस्सिल थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया पहला बदमाश
एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर वजीरगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें तकनीकी सेल के जवानों को भी शामिल किया गया। पुलिस जब सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए सुराग तलाश रही थी, तभी खबर मिली कि घटना में शामिल एक अपराधी गेरे पुल के पास मेहता पेट्रोल पंप के इर्द-गिर्द घूम रहा है। पुलिस टीम ने सादे लिबास में घेराबंदी की तो वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम विकास कुमार उर्फ बुटा बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से लूट के 22 हजार रुपए मिले। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने दूसरे साथी मो. शहंशाह का नाम उगला, जिसके बाद पुलिस ने उसके घर दबिश देकर उसे भी धर दबोचा और वारदात में इस्तेमाल दो बाइकें जब्त कर ली।
गया पुलिस की त्वरित एवं बड़ी कार्रवाई, मुफस्सिल थानान्तर्गत डकैती की घटना में शामिल 04 अभियुक्तों को 28,390/- रू० नगद, 03 मोटरसाईकिल, सोना 34.7 ग्राम, चॉदी 571 ग्राम, 01 मोबाईल फोन एवं अन्य सामान के साथ किया गया गिरफ्तार :-
@bihar_police
@IPRDBihar
@gaya_dm
@IgMagadh https://t.co/cHhD2bmcrj— GAYA POLICE (गया (बिहार) पुलिस ) (@GAYAPOLICEBIHAR) October 13, 2026
सुनार की दुकान पर गलाए जा रहे थे लूटे गए जेवर
दोनों बदमाशों की निशानदेही पर जब एक ठिकाने की तलाशी ली गई, तो वहां से लूटे गए झुमके, बाली, नथिया, अंगूठी और चांदी की पायल के साथ नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बड़ा खुलासा किया कि वे लूट का माल जनकपुर के एक सुनार शुभम कुमार वर्मा को बेचते हैं। पुलिस ने बिना देर किए सुनार की दुकान पर छापा मारा और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सुनार के पास से 20 ग्राम गलाया हुआ सोना और 400 ग्राम चांदी का टुकड़ा बरामद हुआ। इसके बाद गिरोह के चौथे साथी सुनील मांझी उर्फ गोंगा को भी गेरे घनकुट्टी से पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरोह ने कबूल किया कि वे जल्दी अमीर बनने के लालच में ऑटो और बाइक से घूमकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। चारों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : बिहार से 5.88 Cr के टेलीकॉम पार्ट्स टपाने वाला सरगना यूपी में धराया, विदेशों में खपाता था माल


