अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : कोलकाता के मशहूर चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कोलकाता के चोरबागान के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं हैं।
मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 17, 2026
महासप्तमी पर बारिश के बाद बिगड़े हालात
यह भीषण हादसा शनिवार शाम कोलकाता के गिरिश पार्क थाना क्षेत्र स्थित शारदा पार्क के चोरबागान पूजा पंडाल में हुआ। महासप्तमी के दिन मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। शाम करीब 7:40 बजे अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए बाहर मौजूद लोग पंडाल के अंदर भागे और अंदर के लोग निकास द्वार की तरफ बढ़े। इसी आपाधापी में गीले फर्श पर कुछ लोग फिसलकर गिर पड़े, जिसके बाद पीछे से आ रही भीड़ संभल नहीं सकी और भगदड़ मच गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 17 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 35 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भारी बारिश के दौरान मची भगदड़ में 17 श्रद्धालुओं की मौत, 35 घायल। पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
#Kolkata #DurgaPuja #KolkataNews #BreakingNews #Chorbagan #LatestNews #TodayNews #WestBengal #NewsUpdate https://t.co/gkDWgFdWVR
— News Samvad (@newssamvaad) October 17, 2026
मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी, पंडाल में दर्शन बंद
हादसे के बाद प्रशासन ने फौरन राहत और बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को इलाज के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन पूरी तरह बंद करा दिए गए और वहां की बत्तियां बुझा दी गईं। पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा में हुई खामियों की पड़ताल के लिए पूजा कमेटी के आयोजकों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। 91 साल के इतिहास में इस पंडाल में पहली बार ऐसी दुखद घटना घटी है, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
पड़ोसी राज्यों से भी प्रार्थनाओं का दौर
कोलकाता में हुए इस बड़े हादसे के बाद पश्चिम बंगाल के साथ-साथ बिहार और झारखंड समेत पूरे देश में शोक की लहर है। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से पीड़ितों को राहत राशि देने की घोषणा की गई है, वहीं बिहार भर के लोग भी इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होकर घायलों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : कोलकाता के पंडाल में बारिश के बीच भगदड़… 17 की मौत, पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान


