अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : शारदीय नवरात्र की महानवमी पर राजधानी पटना में भक्ति का माहौल चरम पर रहा। इस पावन मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सीएम ने बांस घाट स्थित मां काली मंदिर और डाकबंगला चौराहे पर श्री दुर्गा पूजा समिति के भव्य पंडाल में मत्था टेका। पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने आरती उतारी और पूरे बिहार के लिए सुख, शांति और तरक्की की प्रार्थना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को दुर्गा पूजा की बधाई दी।
पूजा के बाद पत्रकारों और मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भगवती का आशीर्वाद पूरे बिहार पर बना रहे। उन्होंने कहा कि आज पूरा राज्य शक्ति की भक्ति में डूबा है और यही प्रार्थना है कि हमारा बिहार और देश लगातार विकास की राह पर आगे बढ़े। समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशहाली आए और प्रदेश तरक्की के नए आयाम छुए।

डाकबंगला चौराहे पर सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मुख्यमंत्री ने भी आम लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री संजीव कुमार टोनी, पटना के डीएम कुंदन कुमार समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत चुनरी और स्मृति चिह्न देकर किया।

इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने किया रबी महाअभियान का आगाज, पटना से रवाना किये 40 रथ


