अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के पाकुड़िया थाना क्षेत्र में बीते 2 अक्टूबर को एक राशन दुकान में हुई लूट की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कांड में फरार चल रहे दो कुख्यात आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान गिरिडीह निवासी एतवारी हेंब्रम उर्फ नरेश दा उर्फ टीपू सोरेन और दुमका निवासी लालू कुमार उर्फ लालू राय के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, जिंदा गोली, दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है।
एसपी अनुदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि राशन दुकान में लूट के प्रयास के बाद पाकुड़िया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात के खुलासे के लिए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई थी। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि ये दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस को देखते ही भागने लगे, घेराबंदी कर पकड़ा
लगातार दबिश के बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार चल रहे दोनों बदमाश किसी काम से इलाके में घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और पातपहाड़ी गांव के पास वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोनों आरोपी वहां पहुंचे। सामने पुलिस की चेकिंग देखकर वे हड़बड़ा गए और बाइक घुमाकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पहले से सतर्क जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी में मिला लोडेड कट्टा, चाकू और कारतूस
थाने लाकर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपियों ने अपनी पहचान एतवारी हेंब्रम और लालू कुमार के तौर पर बताई। इसके बाद जब उनकी तलाशी ली गई, तो एतवारी हेंब्रम की कमर से एक लोडेड देसी कट्टा और जेब से मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, जब उसके पीठू बैग की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से एक जिंदा कारतूस, एक और मोबाइल फोन तथा एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
दुमका में दर्ज हैं एतवारी पर 11 और लालू पर 3 केस
एसपी के अनुसार, कड़ी पूछताछ में दोनों बदमाशों ने 2 अक्टूबर को राशन दुकान में लूट के प्रयास की वारदात में सीधे तौर पर शामिल होने का जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी एतवारी हेंब्रम पर अकेले दुमका जिले के अलग-अलग थानों में 11 संगीन मामले दर्ज हैं, जबकि लालू कुमार के खिलाफ भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : सड़कों पर उतरी अफसरों की टीम, रांची SSP ने देर रात तक परखी पंडालों की सुरक्षा


