अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शहर से दूर ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार और बिना हेलमेट गाड़ी दौड़ाने वालों को सुधारने के लिए परिवहन विभाग ने अनोखा तरीका अपनाया है। दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी जैसे इलाकों में विभाग की टीम ने डंडा चलाने या सीधे चालान काटने के बजाय गांधीगीरी दिखाई। यहां बिना हेलमेट चल रहे करीब सात सौ बाइक सवारों को रोका गया, फिर उन्हें माला पहनाई गई, मुंह मीठा कराया गया और हाथ में नया हेलमेट थमाकर समझाया गया कि सिर सलामत रहेगा तभी घर लौट पाएंगे।
परिवार का मुखिया गया तो बिखर जाती है जिंदगी
सड़क पर खुद मौजूद परिवहन सचिव राजीव रंजन ने लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेते, बल्कि पूरे परिवार को सड़क पर ला खड़ा करते हैं। अगर घर चलाने वाले की जान चली जाए तो बच्चों की पढ़ाई और रोजी-रोटी पर संकट आ जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकार का मकसद जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों के भीतर नागरिक समझ जगाना है। हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए पहनना जरूरी है।
यमराज ने सड़कों पर दिखाया लापरवाही का अंजाम
जागरूकता को असरदार बनाने के लिए कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक पेश किए। नाटक में यमराज का रूप धरकर आए कलाकार ने लापरवाह चालकों को रोककर मंचन के जरिए दिखाया कि एक छोटी सी भूल कैसे मौत के मुंह में धकेल देती है। इस भावनात्मक और रोचक प्रस्तुति ने वहां मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद सभी चालकों को सुरक्षित सफर की शपथ भी दिलाई गई और पम्फलेट बांटे गए।
सड़क पर दुकान और बेतरतीब पार्किंग से भी बढ़ रहे हादसे
अभियान के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम और अतिक्रमण पर भी ध्यान दिया गया। टीम ने सड़क किनारे दुकान लगाने वालों से बात की और उनसे फुटपाथ खाली रखने की अपील की। दुकानदारों को समझाया गया कि सड़क पर सामान फैलाने और गाड़ियों को बेतरतीब खड़ा करने से राहगीरों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे बड़े हादसे होते हैं।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ सहित विभाग के कई अधिकारी और ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद रहे। विभाग ने साफ किया है कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोग नियमों को अपनी आदत में शामिल कर सकें।
इसे भी पढ़ें : सहिया दरिंदगी-मर्डर केस में 4 अरेस्ट, पहचान छिपाने के वास्ते रे’प के बाद घोंटा था गला



