अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार जिले के हेरहंज प्रखंड स्थित मशहूर पातम-डाटम जलप्रपात में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पिकनिक मनाने और नहाने आए दो 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गए। हादसे के करीब 18 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों युवकों का कोई अता-पता नहीं चल सका है। सोमवार सुबह से ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को बुलाया है, जिसके दोपहर तक मौके पर पहुंचने की उम्मीद है।
नहाने के दौरान पैर फिसला और गहरे कुंड में समा गए
यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:20 बजे की है। पलामू के पांकी थाना क्षेत्र का रहने वाला मो. आसिफ और बालूमाथ के रहमत नगर निवासी मो. आकिब अपने दो अन्य दोस्तों के साथ जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। चारों दोस्त मस्ती के मूड में थे और बारी-बारी से पानी में उतरकर नहा रहे थे। इसी बीच आसिफ और आकिब अनजाने में अलग-अलग दिशाओं में गहरे पानी की तरफ बढ़ गए। पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों अचानक डूबने लगे। किनारे खड़े दोस्तों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते दोनों पानी के भीतर ओझल हो गए। घबराए साथियों ने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों को फोन पर इसकी जानकारी दी।
रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल, काम के सिलसिले में आए थे हेरहंज
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और अपने बच्चों की सलामती की दुआ मांग रहे हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक मेहनत-मजदूरी कर घर संभालते थे। आकिब हेरहंज में फॉल्स सीलिंग का काम करने आया हुआ था, जबकि आसिफ वॉल पुट्टी का काम करता था और नवादा के इलाके में काम के सिलसिले में ठहरा था। रविवार को काम से फुर्सत मिलने पर दोनों दोस्तों के कहने पर फॉल घूमने चले गए थे। घर वालों को उनके जलप्रपात जाने की भनक तक नहीं थी, हादसे के बाद ही उन्हें यह बात पता चली।
गोताखोर रहे नाकाम, अब एनडीआरएफ के हवाले रेस्क्यू
सूचना पाकर हेरहंज थाने के एएसआई सरोज कुमार और सुबोध सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चश्मदीदों से पूरी जानकारी ली। प्रशासन ने रविवार शाम तक स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के सहारे पानी में जाल और रस्सियां डालकर खोजबीन कराई, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया। हेरहंज के अंचलाधिकारी दिवाकर दुबे ने बताया कि मामले की सूचना डीसी को दे दी गई है और एनडीआरएफ की टीम को बुलाने के लिए पत्राचार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पानी के गहरे कुंड और तेज धार को देखते हुए आधुनिक उपकरणों से लैस एनडीआरएफ की टीम ही अब गहराई में तलाशी अभियान चलाएगी।
इसे भी पढ़ें : 9 महीने पहले की थी लव मैरिज, अब पेट्रोल डाल पत्नी को जिंदा जला डाला



