अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के प्रशिक्षित युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के 3,044 छात्र-छात्राओं को आगामी 23 नवंबर को रोजगार के अवसर और नियुक्ति पत्र मिलने जा रहे हैं। इस खास कार्यक्रम के लिए शनिवार को विभागीय अधिकारियों और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता दिया।
शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यह शिष्टाचार मुलाकात हुई। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा और अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी ने सीएम हेमंत सोरेन से भेंट की। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विभाग की ओर से चलाए जा रहे कौशल विकास कार्यक्रमों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारियों की जानकारी दी।
प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित होगा मुख्य समारोह
मुलाकात के दौरान अधिकारियों और फाउंडेशन के सदस्यों ने सीएम हेमंत सोरेन को 23 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। यह भव्य कार्यक्रम रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में निर्धारित किया गया है। इस समारोह के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 3,044 युवक-युवतियों को सम्मानित किया जाएगा और उनके हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
प्रेझा फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर कौशल प्रशिक्षण से जुड़ी संस्था प्रेझा फाउंडेशन की टीम भी उपस्थित रही। प्रतिनिधिमंडल में फाउंडेशन के चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मिनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय शामिल थे। सभी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हो रहे प्रयासों पर चर्चा की।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत से मिला सिख समाज का प्रतिनिधिमंडल, प्रकाश पर्व का दिया निमंत्रण




