अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribag : हजारीबाग के ग्रामीण इलाके बड़कागांव में इन दिनों सफेद जहर यानी ब्राउन शुगर का काला कारोबार तेजी से अपने पैर पसार रहा था। नशे के इस जाल में युवाओं को फंसाने वाले एक गिरोह का जिला पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 23 पुड़िया में पैक करीब 11 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई है। इसके साथ ही तस्करी के काम में इस्तेमाल की जा रही एक चारपहिया गाड़ी, दो बाइक और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुल के पास लग रहा था नशे का बाजार, पुलिस ने बिछाया जाल
बड़कागांव थाना क्षेत्र का कदमाड़ीह पुल शाम ढलते ही नशे के सौदागरों का अड्डा बन जाता था। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा थी कि यहां कुछ संदिग्ध युवकों का आना-जाना लगा रहता है। इसी बीच बड़कागांव थानेदार दीपक कुमार को पक्की खबर मिली कि पुल के पास ब्राउन शुगर की एक बड़ी खेप की खरीद और बिक्री होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने तुरंत एक विशेष टीम तैयार कर छापेमारी के निर्देश दिए। पुलिस की टीम सादे कपड़ों और पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची। वहां पांच युवक संदिग्ध हालत में खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। पुलिस को देखते ही उनके होश उड़ गए और वे भागने लगे, लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी होने के कारण वे बच नहीं सके।
एक पुड़िया की कीमत हजार रुपए, युवाओं को बना रहे थे निशाना
पकड़े गए आरोपियों की जब तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। उनकी जेबों से प्लास्टिक की छोटी-छोटी 23 पुड़िया निकलीं, जिनमें करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर भरा हुआ था। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने नशे के इस पूरे धंधे की परतें खोल दीं। उन्होंने बताया कि वे बाहर से माल लाकर बड़कागांव और आसपास के इलाकों में इसकी छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करते थे। एक पुड़िया की कीमत करीब एक हजार रुपए तय की गई थी, ताकि स्थानीय युवाओं और छात्रों को आसानी से इसकी लत लगाई जा सके और मोटा मुनाफा कमाया जा सके।
लोकल नेटवर्क के जरिए चल रहा था पूरा खेल
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि नशे का यह कारोबार करने वाले सभी आरोपी इसी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान अफताब आलम (23 साल), मोहम्मद राजन अंसारी (26 साल), मोहम्मद अल्ताफ हुसैन (20 साल), रविंद्र कुमार महतो (27 साल) और पवन कुमार (25 साल) के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 27 साल के बीच है। पुलिस अब इन सभी के जब्त किए गए मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से मिल रही थी और इनके ग्राहक कौन-कौन हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा में SIR के खिलाफ प्रस्ताव, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग




