अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Araria : बिहार के अररिया जिले में एक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की मौत के बाद बवाल मच गया। बसमतिया थाना क्षेत्र के बेला पंचायत स्थित भैरोगंज में बीती रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और भारत नेपाल बॉर्डर रोड को जाम कर दिया।
हादसे के तुरंत बाद मृतक बच्चे के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग रहे कार चालक रामकुमार मेहता को पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही बसमतिया थाना की पुलिस और एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब ग्रामीणों को समझा-बुझाकर चालक को उनके कब्जे से छुड़ाने की कोशिश की, तो भीड़ अचानक उग्र हो गई। देखते ही देखते ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प शुरू हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई अन्य जवानों को भी हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस की गाड़ियों में लगाई आग, डायल 112 का चालक गंभीर
गुस्साई भीड़ का कहर यहीं नहीं थमा। उपद्रवियों ने मौके पर मौजूद एक पुलिस वाहन और पुलिस की दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक झड़प में घूरना थाना के डायल 112 वाहन के चालक अजीत कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पड़ोसी जिले सुपौल के वीरपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायल पुलिसकर्मियों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। आगजनी की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह जलते वाहनों पर काबू पाया।
देर रात एसपी ने संभाला मोर्चा, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई
हालात बेकाबू होने की खबर मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार और फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद कई थानों की पुलिस और भारी सुरक्षा बल के साथ देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में ढाई साल के बालक की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर कार चालक को बंधक बना लिया था। बसमतिया और घूरना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को मुक्त करा लिया था, लेकिन इसी दौरान गांव की कुछ महिलाएं उग्र हो गईं और भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी वाहनों में आग लगा दी। एसपी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इलाके में विधि व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस टीम पर हमला व आगजनी करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : बिजली ऑफिस में गुंडई : कनेक्शन कटने से नाराज लोगों ने लाइनमैन को पीटा, फिर…








