अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi / Nagoya : पीएम नरेंद्र मोदी ने जापान में शुरू हुए एशियन पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश को अपने शानदार पैरा-एथलीटों पर बेहद गर्व है। खिलाड़ियों के समर्पण, साहस और कभी हार न मानने वाले जज्बे की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पैरा-खिलाड़ियों का यह जुझारूपन 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी एथलीट पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे, अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।
As the Asian Para Games 2026 begin in Aichi-Nagoya, conveying my best wishes to the Indian contingent.
India is immensely proud of our phenomenal para-athletes. Their grit, dedication and indomitable spirit inspire 140 crore Indians.
May they compete with confidence and give their very best.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 18, 2026
जापान के सम्राट नारुहितो ने किया खेलों का औपचारिक आगाज
प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश के बीच रविवार को जापान के आइची-नागोया में पांचवें एशियन पैरा गेम्स की आधिकारिक शुरुआत हो गई। मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो ने इन खेलों के शुरू होने का ऐलान किया। 24 अक्टूबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में 45 देशों के करीब 3 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस बार खेलों का आधिकारिक आदर्श वाक्य ‘इमेजिन वन हार्ट’ यानी एक दिल की कल्पना करें रखा गया है।
परेड में सिंधु घाटी सभ्यता की झलक, नीले ब्लेजर में चमका भारत
उद्घाटन समारोह के दौरान जब देशों की परेड शुरू हुई, तो भारतीय दल ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारतीय खिलाड़ियों की खास पोशाक चर्चा का विषय बनी रही। दल के सदस्यों ने गहरे नीले रंग के खूबसूरत ब्लेजर पहने थे, जिन पर सुनहरे रंग से सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित कलाकृतियां बनाई गई थीं। इन डिजाइनों में प्राचीन ‘प्रीस्ट-किंग’ की मूर्ति, ‘डांसिंग गर्ल’ की आकृति और उस दौर की ऐतिहासिक मुहरों के प्रतीक शामिल थे। ब्लेजर के कॉलर पर ‘सप्तसिंधु’ को सम्मान दिया गया था, जबकि दिल के पास जेब पर तिरंगा गर्व से लहरा रहा था।
भाविना को मिला आराम, प्रमोद और सिमरन ने थामा तिरंगा
नागोया के स्टेडियम में पैरा-बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और पैरा-एथलीट सिमरन शर्मा ने देश के ध्वजवाहक बनकर तिरंगा थामा और पूरे भारतीय दल का नेतृत्व किया। हालांकि समारोह से ठीक पहले ध्वजवाहकों के नाम में एक जरूरी बदलाव किया गया था। भारतीय पैरालंपिक समिति ने पहले प्रमोद भगत के साथ पैरा-टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। बाद में फैसला बदला गया ताकि भाविना सोमवार को होने वाले अपने क्वार्टर फाइनल मैच से पहले पूरी तरह आराम कर सकें, जिसके बाद सिमरन को ध्वजवाहक बनाया गया।
281 सदस्यों का दल, शुरुआती मुकाबलों में गोलबॉल टीमों की जीत
इस महाद्वीपीय खेल आयोजन में भारत का 281 सदस्यीय दल पहुंचा है। इसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। भारतीय एथलीट्स कुल 11 खेलों में पदक जीतने के लिए जोर लगाएंगे। भारतीय दल की नजरें पिछले रिकॉर्ड को बेहतर करने पर हैं। हालांकि औपचारिक शुरुआत रविवार को हुई, लेकिन खेल के मुकाबले पहले ही शुरू हो चुके हैं। जहां शुक्रवार को मेजबान जापान ने व्हीलचेयर बास्केटबॉल में जीत दर्ज की, वहीं शनिवार को भारतीय पुरुष और महिला गोलबॉल टीमों ने क्रमशः कतर और थाईलैंड को हराकर अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया।
इसे भी पढ़ें : कोलकाता भगदड़ की जांच की कमान जज को, पंडालों में VIP एंट्री पर रोक


