अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा जिले के चक्रधरपुर थाना के पोटका स्थित संथाल बस्ती में गुरुवार सुबह अचानक सनसनी फैल गई। रोजमर्रा के कामों के लिए निकले ग्रामीणों ने जब बस्ती के बीचों-बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी पर तैरते देखा, तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और तालाब के चारों तरफ ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। बस्ती के बीच मौजूद तालाब से इस तरह शव मिलने के बाद से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और बस्ती में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
तालाब किनारे मिले कपड़े, हादसे की आशंका
सुबह जब कुछ ग्रामीण तालाब की तरफ पहुंचे, तो पानी की सतह पर शव नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत बस्ती में शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान ग्रामीणों को तालाब की मेढ़ पर एक पैंट और शर्ट करीने से रखे मिले। आशंका जताई जा रही है कि ये कपड़े उसी मृतक के हो सकते हैं। बस्ती के लोगों का कहना है कि हो सकता है व्यक्ति सुबह शौच अथवा नहाने के इरादे से तालाब पर आया हो और पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में समा गया। हालांकि, कपड़ों और शव के जुड़ाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मौत दुर्घटनावश डूबने से हुई है या फिर इसके पीछे कोई और मामला है, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
पुलिस को दी गई सूचना, पहचान बड़ी चुनौती
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फौरन चक्रधरपुर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम मौके पर रवाना हो चुकी थी। पुलिस के पहुंचने के बाद शव को पानी से बाहर निकाल कर पंचनामा तैयार किया जाएगा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। ग्रामीणों के बीच अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे यह माना जा रहा है कि व्यक्ति आसपास के किसी दूसरे इलाके का निवासी हो सकता है। पुलिस के लिए सबसे पहली चुनौती मृतक की शिनाख्त करना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए मौत की असली वजह का खुलासा करना होगा।
इसे भी पढ़ें : तीरंदाजी की धरती पर जुटे 432 खाकी निशानेबाज, गवर्नर बोले- लक्ष्य पर नजर ही असली ड्यूटी



