अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में आगामी गणेश महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला महासमिति से जुड़े विभिन्न पूजा पंडालों और कमेटियों के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गणेश महोत्सव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर न्योता दिया। मुलाकात के दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
तैयारियों की रूपरेखा से कराया अवगत
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सीएम को शॉल और आमंत्रण पत्र भेंट कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार राजधानी के अलग-अलग इलाकों में गणेश पूजा को लेकर क्या खास इंतजाम किए जा रहे हैं। पूजा पंडालों के निर्माण, भव्य प्रतिमाओं की स्थापना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शनार्थियों की सुरक्षा को लेकर बनाई गई रूपरेखा भी सीएम के सामने रखी गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी पूरे शहर में गणेश उत्सव पूरी श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

पर्व-त्योहार समाज में भाईचारा बढ़ाते हैं : सीएम
सीएम हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया और आगामी गणेश महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। इनसे लोगों के बीच एकजुटता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना गहरी होती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए महोत्सव के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन पर जोर दिया।
ये सदस्य रहे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक में महासमिति और विभिन्न पूजा पंडालों से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इनमें राज्यसभा सांसद महुआ माजी के अलावा नन्द किशोर सिंह चंदेल, विक्रम सिंह सोनू, संदीप मुखर्जी, राहुल सिंह, विक्की वर्मा, टून्ना सिंह, लखन कुमार, विनय सिंह और सागर शामिल थे। साथ ही महिला विंग और युवा कार्यकर्ताओं में शीला उरांव, कविता वर्मा, अर्चना मिर्धा, रेखा साव, नीलू सिंह, मंजुला बेरा, अमन ठाकुर, सूरजभान सिंह, साहिल, रोहन सिंह रिकी, अमित सिंह चंदेल, जीतू अरोड़ा, नरेश मक्कड़ मिशु और गुलशन नंदा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के शहरों का बदलेगा नक्शा, सीएम हेमंत ने मांगा मास्टर प्लान

