अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Khunti : खूंटी जिले के सायको थाना क्षेत्र के बाड़ेडीह बलंगा गांव में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। लापता युवक बुद्धदेव मुंडू उर्फ बुधू मुंडा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसकी लाश को बड़ी चालाकी से छिपाने की कोशिश की गई। लेकिन पुलिस की तेज और सटीक कार्रवाई ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया। घटना की शुरुआत बीते 24 अप्रैल की रात से होती है। गांव की सामान्य दिखने वाली उस रात में एक खौफनाक साजिश आकार ले रही थी। पुरानी अदावत और हुकूमत की जंग ने ऐसा रूप लिया कि चार युवकों ने मिलकर बुधू मुंडा को मौत के घाट उतारने का फैसला कर लिया। रात करीब 9 बजे, सुनसान जगह पर लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमला इतना क्रूर था कि बुधू मुंडा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
नदी किनारे गुफा में छुपा दी लाश
हत्या के बाद आरोपियों ने अपने अपराध को छिपाने के लिए एक खौफनाक योजना बनाई। शव को बलंगा नदी के किनारे एक पत्थर की गुफा में ले जाकर छिपा दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे। अगले दो दिनों तक गांव में बुधू मुंडा के लापता होने की चर्चा होती रही, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या हुआ है। 26 अप्रैल को जब नदी किनारे से शव बरामद हुआ, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में मातम और डर का माहौल छा गया। पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने दबोचे चार संदेही गुनहगार
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई। एसडीपीओ के नेतृत्व में चली इस जांच में इंस्पेक्टर फ्रांसिस जेवियर और भात रंजन पांडेय समेत कई पुलिसकर्मी जुट गए। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके नाम चोण्डे मुंडा, लोदरो मुंडा, कोन्ता मुंडा और नारदे मुंडा बताये गये। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि यह हत्या पुरानी अदावत और इलाके में हुकूमत कायम करने की नीयत से की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और पत्थर भी बरामद किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि इस साजिश में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह पूरा खुलासा खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया के सामने किया।
इसे भी पढ़ें : महज एक शक के चलते बीवी को दे दी खौफनाक मौ’त… जानें

