अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhagalpur : बिहार के भागलपुर में शुक्रवार की सुबह आठ बजे भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव के घर के सामने कुख्यात अपराधी सूरज तांती ने उन पर गोली चला दी। सूरज तांती अपने चार साथियों के साथ तिलकामांझी चौक के पास टीएनबी लॉ कॉलेज रोड स्थित आवास पर आया।
सूत्रों के अनुसार, दरवाजे पर लात मारकर उन्होंने भाजपा नेता के छोटे भाई को बाहर बुलाया। दोनों भाई जब बाहर आए, सूरज तांती ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि “जब हमारा फल वाले के साथ झगड़ा हो रहा था, तुम वहां मौजूद थे, हमारा साथ क्यों नहीं दिया?” जवाब में दोनों भाइयों ने कहा कि उनकी किसी से लड़ाई नहीं है। इसके बाद सूरज तांती के एक साथी ने भाजपा नेता के चेहरे पर मुक्का मार दिया। इसी दौरान सूरज तांती ने विवेकानंद प्रसाद के सिर पर गोली चला दी, जो सिर के ऊपरी हिस्से से छूकर निकल गई।
हमले के दौरान दूसरी गोली दीवार में जा लगी। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इधर-उधर भाग गए और घरों की छतों पर खड़े लोग शोर मचाने लगे। हमलावर घटना स्थल से भाग गए, जिसमें से एक के पास बाइक भी थी।
घटना की सूचना भाजपा नेता के परिजनों ने बरारी थाना को दी, लेकिन पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। घायल भाजपा नेता को पहले घर के सामने एक चिकित्सक की क्लिनिक में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के गहन उपचार कक्ष में भर्ती कराया गया। जख्मी नेता ने हमलावरों में से एक की पहचान सूरज तांती के रूप में की।

कौन हैं विवेकानंद प्रसाद
विवेकानंद प्रसाद कोइली-खुटहा गांव के स्वर्गीय धनंजय प्रसाद यादव के बेटे हैं। उनका आवासीय परिसर तिलकामांझी टीएनबी लॉ कॉलेज रोड पर है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव से लोग और भाजपा नेता घटना स्थल पर पहुंचे और बबलू यादव का कुशलक्षेम जाना।
सीसीटीवी में कैद वारदात
हमले का वीडियो सीसी कैमरा में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज को देखा और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
हत्या सहित कई संगीन मामलों का आरोपी है सूरज तांती
सूरज तांती पहले काली महारानी पूजा समिति के महासचिव चिरंजीवी यादव उर्फ धूरी यादव की हत्या (4 नवंबर 2019) का आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। हाल ही में वह जेल से जमानत पर बाहर आया है।
बढ़ाई गई सुरक्षा
हमले के बाद पुलिस ने बबलू यादव के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी हृदय कांत ने मौके पर पुलिस बल तैनात किया और सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।
इसे भी पढ़ें : भाजपा को बड़ा झटका : 40 साल के साथी ने छोड़ा साथ, जॉइन किया जन सुराज

