अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के एक गांव में चार साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप दो नाबालिग लड़कों पर लगा है। इनमें एक की उम्र 12 साल और दूसरे की उम्र 9 साल बताई गई है। घटना के बाद बच्ची की मां ने दोनों के खिलाफ मालपहाड़ी ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने भी मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया है।
खेलने के लिए निकली थी बच्ची, घर लौटकर रोते हुए बताई घटना
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी चार साल की बेटी घर से खेलने के लिए निकली थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटी तो काफी डरी हुई थी और रो रही थी। मां ने बेटी से पूछा कि वह कहां गई थी और क्यों रो रही है। इसके बाद बच्ची ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। बेटी की बात सुनकर परिवार के लोग सन्न रह गए।
मां का आरोप है कि गांव के ही दो नाबालिग लड़कों ने बच्ची को पकड़ लिया और उसके साथ जबरदस्ती की। बच्ची से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने तुरंत मालपहाड़ी ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची और उसके परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दोनों आरोपित नाबालिगों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच भी कराया है।
पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उनके खिलाफ बाल कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। घटना के बाद बच्ची के परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : हेमंत कैबिनेट में 53 फैसले पास, सीएम ने स्कूल से अस्पताल तक खोला विकास का रास्ता



