अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू में बुधवार को स्टोन माइंस के उद्घाटन के दौरान भारी हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
हमले में कई पुलिसकर्मी घायल
इस हमले में आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इनमें जैप-8 लेस्लीगंज के हवलदार महेन्द्र कुमार दुबे, अखिलेश कुमार, एएसआई सचिदानंद शर्मा और सुधीर सिंह शामिल हैं। दो पुलिसकर्मियों को गंभीर हालत में एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का इलाज मौके पर हुआ।
मौके से 11 ग्रामीण हिरासत में, 8 महिलाएं शामिल
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 ग्रामीणों को हिरासत में लिया है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। घटनास्थल पर पुलिस बल की भारी तैनाती कर दी गई है और माइंस क्षेत्र में अस्थायी पुलिस कैंप बनाया गया है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जारी रहा उद्घाटन कार्यक्रम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल, एसडीपीओ मनोज झा, प्रशिक्षु डीएसपी राजीव रंजन और थाना प्रभारी उतम कुमार राय मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में उद्घाटन कार्यक्रम पूरा किया गया और माइंस से जुड़े निर्माण कार्य शुरू कराए गए।
विरोध और समर्थन दोनों जारी
एक ओर जहां कुछ ग्रामीण माइंस से रोजगार और विकास की उम्मीद जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विरोध करने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी बात सुने बिना प्रशासन ने खनन कार्य शुरू कर दिया। माइंस को वर्ष 2024 में श्री विनायक कंस्ट्रक्शन को लीज पर दिया गया था, जिस पर विरोध जारी है।
पुलिस प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और खनन कार्य जल्द ही पूरी तरह से शुरू होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें : चलती मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गयी पैसेंजर ट्रेन, मचा कोहराम… देखें वीडियो

