अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की साजिश रचने के आरोपी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी पर NIA यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शिकंजा और कस दिया है। NIA ने हरियाणा के अंबाला में बलदेव नगर पुलिस थाने की पार्किंग में IED से लैस कार विस्फोट मामले में शहजाद भट्टी समेत आठ आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि शहजाद भट्टी पाकिस्तान में बैठकर भारत में आतंकी नेटवर्क चला रहा था और पुलिस ठिकानों के साथ-साथ दूसरे संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था।
रांची हमले की जांच भी NIA के पास, ISI कनेक्शन आया था सामने
16 जून की रात रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला हुआ था। घटना के बाद रांची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शुरुआती जांच में इस हमले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचे। मामले की गंभीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को देखते हुए जांच एनआईए को सौंप दी गई। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि रांची हमले के पीछे किस स्तर तक साजिश रची गई थी और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
अंबाला पुलिस थाने पर हमले की पूरी प्लानिंग पहले से थी
NIA की जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी ने अंबाला के बलदेव नगर पुलिस थाने को निशाना बनाने की पूरी योजना पहले से तैयार कर रखी थी। हमले से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की। इसके बाद गैस सिलेंडरों और विस्फोटक सामग्री से भरी कार पुलिस थाने परिसर में खड़ी कर दी गई। एजेंसी के मुताबिक हमले का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया था, ताकि उसे सोशल मीडिया पर फैलाकर लोगों में डर का माहौल बनाया जा सके।
भारत में बनाया था अपना नेटवर्क, सोशल मीडिया से करता था भर्ती
जांच एजेंसी का कहना है कि पाकिस्तान में बैठा शहजाद भट्टी भारत में अपना ऑपरेशनल नेटवर्क तैयार कर चुका था। वह सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए युवकों से संपर्क करता था, उन्हें अपने साथ जोड़ता था और फिर अलग-अलग राज्यों में सक्रिय मॉड्यूल के जरिए हमलों की तैयारी कराता था।
NIA के मुताबिक आकाश भारत में शहजाद भट्टी का प्रमुख सहयोगी था। वह बाकी आरोपियों के साथ मिलकर हमलों की योजना, विस्फोटक सामग्री जुटाने और अलग-अलग लोगों के बीच समन्वय का काम देखता था। डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक, दस्तावेजी और फोरेंसिक साक्ष्यों से यह भी सामने आया है कि हमले की पूरी तैयारी के दौरान सभी आरोपी लगातार पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर के संपर्क में थे।
आठ आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुआ आरोपपत्र
NIA ने पंचकूला स्थित विशेष अदालत में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के अलावा करमजीत सिंह उर्फ टोनी, आकाश, सौरभ उर्फ सोबी, रमन कुमार, सत्यम, सुखदेव सिंह उर्फ सुखा और अमरजीत सिंह उर्फ अंबी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।
इन सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। NIA का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
इसे भी पढ़ें : नंबर-1 पावरफुल वुमन बनीं नीता अंबानी, सेवा और नेतृत्व से जीता पूरे देश का दिल

