अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के जमुई जिले के रहने वाले पैरा एथलीट शैलेश कुमार ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बिहार का डंका बजाया है। जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स 2026 में शैलेश ने शानदार खेल दिखाते हुए दो पदक जीते। उन्होंने ऊंची कूद में रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता और लंबी कूद में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस बड़ी कामयाबी के बाद मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित लोक सेवक आवास में शैलेश कुमार से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस खास मौके पर शैलेश की मां भी मौजूद रहीं। वहीं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, खेल सचिव दीपक आनंद और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरन ने भी खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया।
हाई जंप में बनाया नया एशियाई रिकॉर्ड
जापान में आयोजित इस प्रतियोगिता में शैलेश कुमार अलग ही लय में दिखे। उन्होंने हाई जंप की टी-63 कैटेगरी में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही उन्होंने एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। शैलेश यहीं नहीं रुके, उन्होंने लॉन्ग जंप की टी-42/61/63 स्पर्धा में भी 5.57 मीटर की कूद लगाकर कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शैलेश की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उनकी यह जीत पूरे प्रदेश के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी मिसाल है।
नालंदा में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी हैं शैलेश
मैदान पर पदक बरसाने वाले शैलेश कुमार प्रशासनिक जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। वे बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नालंदा जिले में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) के पद पर तैनात हैं। सरकार ने जनवरी 2024 में उनकी खेल उपलब्धियों को देखते हुए यह नियुक्ति दी थी। शैलेश की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि अगर लगन पक्की हो तो मिट्टी का लाल दुनिया के किसी भी कोने में तिरंगा लहरा सकता है।
इसे भी पढ़ें : मंत्री विजय सिन्हा का ऐलान- अब ‘जॉब सीकर’ नहीं ‘जॉब प्रोवाइडर’ बनेंगे बिहार के कृषि छात्र



