अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के पुलिस अधिकारी खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं और मुख्यमंत्री उन्हें संरक्षण दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री पर भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने का आरोप
मरांडी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता में आने के बाद विरोधियों से बदला लेने की राजनीति शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि पहले मुख्यमंत्री ने अपने सियासी विरोधियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए, अब कुछ बेईमान पुलिस अधिकारी भी उसी रास्ते पर चल पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड पुलिस के कुछ अफसर कानून को अपनी जेब में रखकर चला रहे हैं।
‘दरोगा ने बिहार में फर्जी केस दर्ज करवाया’
मरांडी ने एक चौंकाने वाला उदाहरण देते हुए कहा कि खूंटी में तैनात एक दरोगा ने बिहार के बेगूसराय में अपने पैतृक जमीन विवाद में दूसरे पक्ष को झारखंड में अफीम की खेती के फर्जी केस में फंसा दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरा खेल सत्ता के इशारे पर चल रहा है, जिसमें भ्रष्ट अफसर और डीजीपी दोनों शामिल हैं।
सीआईडी जांच में ‘लूट’ का भी जिक्र
मरांडी ने अपने पोस्ट में पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले तक सीआईडी में एसआईटी के नाम पर जमकर लूट हुई थी। जमीन मामलों की जांच के नाम पर निर्दोष लोगों को डराया, धमकाया और लूटा गया। उन्होंने हेमंत सोरेन से मांग की कि अगर उनमें थोड़ी भी शर्म बाकी है तो किसी ईमानदार अधिकारी से इन भ्रष्ट पुलिसवालों की संपत्ति की जांच कराई जाए ताकि जनता भी जान सके कि उन्होंने कितनी काली कमाई की है।
‘सिर्फ सस्पेंशन नहीं, जेल भेजिए’
मरांडी ने चेतावनी दी कि कानून का दुरुपयोग करने वाले अफसरों पर सिर्फ सस्पेंशन का दिखावा न किया जाए। उन्होंने कहा कि दो-चार महीने बाद वही अधिकारी फिर से ड्यूटी पर लौट आएंगे और वही गंदा खेल शुरू करेंगे। उन्होंने मांग की कि ऐसे भ्रष्ट अफसरों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए ताकि पूरे राज्य में एक उदाहरण बने और बाकी अधिकारी भी सबक लें।
इसे भी पढ़ें : UP क्राइम ब्रांच से मिला क्लू और रांची में धरा गया ‘जहर’ का जखीरा, SP क्या बता गये… देखें

