अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kolkata : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लग गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में उनके नाम का ऐलान करते हुए कहा कि सुवेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ ही साफ हो गया कि अब पश्चिम बंगाल की कमान सुवेंदु अधिकारी के हाथों में होगी। सुवेंदु अधिकारी राज्य के इतिहास में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। लंबे समय से बंगाल में सत्ता पाने की कोशिश कर रही भाजपा के लिए यह बड़ी राजनीतिक जीत मानी जा रही है।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा शपथ ग्रहण
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। समारोह को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही हैं। भाजपा इस आयोजन को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देख रही है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस समारोह में शामिल हो सकते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने खुद कहा था कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो वह शपथ ग्रहण में जरूर आएंगे।
LIVE : নবনির্বাচিত বিধায়ক দলের বৈঠকে উপস্থিত আছেন কেন্দ্রীয় স্বরাষ্ট্র ও সমবায় মন্ত্রী শ্রী অমিত শাহ জী সহ কেন্দ্রীয় ও রাজ্য নেতৃত্ব। #PaltecheEbarEloBJPSorkarhttps://t.co/c7Mylz1KA3
— BJP West Bengal (@BJP4Bengal) May 8, 2026
15 साल बाद ममता सरकार की विदाई
2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता ने बड़ा फैसला सुनाया। 294 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। वहीं ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता से बाहर हो गई। पार्टी को सिर्फ 80 सीटों पर जीत मिली। यह नतीजा इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि बंगाल को लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है।
ममता को हराकर बने सबसे बड़े चेहरे
सुवेंदु अधिकारी इस चुनाव के सबसे चर्चित नेताओं में रहे। भाजपा के स्टार उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने भवानीपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को मात देकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। लगातार दूसरी बार ममता को चुनावी मुकाबले में हराने के बाद उनका कद भाजपा में और मजबूत हो गया।
कौन हैं सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर 1970 को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में हुआ था। वे एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता शिशिर अधिकारी लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। सुवेंदु अधिकारी ने छात्र राजनीति से अपनी पहचान बनाई और फिर धीरे-धीरे बंगाल की मुख्यधारा की राजनीति में मजबूत जगह बनाई।
कभी ममता के करीबी, अब सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी
सुवेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर दिलचस्प रहा है। एक समय ऐसा था जब उन्हें ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता था। 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में उनकी भूमिका काफी अहम रही थी। इसी आंदोलन ने बंगाल की राजनीति का रुख बदल दिया था और वाम मोर्चे की सत्ता कमजोर हुई थी। लेकिन बाद में राजनीतिक रास्ते अलग हो गए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा और फिर वही नेता ममता के सबसे बड़े राजनीतिक चुनौतीकर्ता बन गए।
सांसद से मंत्री और अब मुख्यमंत्री तक का सफर
सुवेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक करियर में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे सांसद भी रहे, विधायक भी बने और बंगाल सरकार में परिवहन मंत्री जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब मुख्यमंत्री बनकर उनका राजनीतिक सफर एक नए मुकाम पर पहुंच गया है।
इसे भी पढ़ें : मामूली सी बात पर सड़क पर बहा खू’न, 24 घंटे में खुलासा कर गये SP… देखें वीडियो

