अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को परिसीमन और लोकसभा व विधानसभा में महिला आरक्षण का प्रस्ताव पारित कर दिया है। इस फैसले के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने इस मुद्दे पर अपना पुराना रुख साफ करते हुए केंद्र सरकार को चेतावनी दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अगर परिसीमन के नाम पर राज्य की आदिवासी और मूलवासी सीटों के साथ कोई छेड़छाड़ हुई तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
आदिवासी और मूलवासी हितों से समझौता नहीं करेगा झामुमो
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने साफ शब्दों में कहा कि झारखंड राज्य का गठन ही यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हुआ है। ऐसे में यदि परिसीमन की प्रक्रिया से राज्य के मूल लोगों के हितों को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचता है, तो झामुमो इसका पुरजोर विरोध करेगा। वहीं, विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि झामुमो पहले से ही महिलाओं को आगे बढ़ाने का पक्षधर रहा है। वर्तमान में लोकसभा में हमारी पार्टी की 33 प्रतिशत महिला भागीदारी है और हमारी महिला सांसद ही लोकसभा में संसदीय दल की नेता भी हैं।
शिबू सोरेन के पुराने संघर्ष की दिलाई याद, बड़े आंदोलन की चेतावनी
पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता और केंद्रीय समिति सदस्य मनोज पांडेय ने भी केंद्र सरकार के इस कदम पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने पिछले परिसीमन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या घटाने की कोशिश की गई थी। तब हमारे नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने रांची से लेकर दिल्ली तक निर्णायक लड़ाई लड़ी थी, जिसके दबाव में विशेष प्रावधान कर झारखंड में परिसीमन पर रोक लगानी पड़ी थी। मनोज पांडेय ने दो टूक कहा कि अगर केंद्र की भाजपा सरकार एक बार फिर परिसीमन के बहाने अनुसूचित जाति और जनजाति की आरक्षित सीटों को कम करने की साजिश रच रही है, तो झामुमो उनके मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगा।
गढ़वा में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने केंद्र को घेरा
इधर, गढ़वा स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है और बिना किसी औचित्य के परिसीमन बिल ला रही है। विपक्षी दल अभी इस बिल के नफा-नुकसान का आकलन कर रहे हैं। मिथिलेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि हमें इस बिल से कोई परहेज नहीं है, बशर्ते झारखंड में आदिवासी और मूलवासी सीटों की संख्या कम न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कुचलना चाहती है और दबे-कुचले लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। यदि इस बिल के पीछे केंद्र की नीयत खराब हुई और आरक्षित सीटों में कटौती की गई, तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध करेगा।
इसे भी पढ़ें : सत्ता संघर्ष और वापसी की अनकही दास्तान… सीएम हेमंत को सौंपी उनपर लिखी दो किताबें







