अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के चितरपुर महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय ‘खेलो अस्मिता’ वुशू प्रतियोगिता में बेटियों ने अपने दांव-पेंच और फुर्ती से सबका दिल जीत लिया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर और रामगढ़ जिला वुशू एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में जिले भर के 25 स्कूलों की करीब 350 छात्राओं ने दमखम दिखाया। पूरा खेल परिसर तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
कुजू क्लब का दबदबा, बेटियों ने मैट पर दिखाए शानदार दांव
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों के बाद कुजू क्लब ने अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस के दम पर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं राम पब्लिक स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही और एपेक्स पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। मैट पर हुए वर्गवार मुकाबलों में अंडर-14 आयु वर्ग के भीतर स्वाती कुमारी, समृद्धि राय, पिंटू कुमारी और सिमरन कुमारी ने पहला स्थान हासिल कर गोल्ड जीता। इसी वर्ग में खुशी कुमारी, पल्लवी कुमारी, चांदनी कुमारी और पूनम कुमारी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि परि कुमारी, निधि कुमारी, परिधि राय, पूजा कुमारी, नंदनी कुमारी और साना ने तीसरा स्थान झटका। अंडर-17 वर्ग में अनुपमा, श्रुति, स्वर्णा प्रवा मुरमू, रानी और सहोनी ने बाजी मारते हुए पहला स्थान पाया। प्रियंका, शीला, मनीषा और यति सिंह दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भूमि, रिंकी, दिव्या, अन्नू, अरुधि, स्वीटी और नताशा तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में राधिका, खुशी, प्रीति और मंवीरा ने शानदार खेल दिखाकर पहला स्थान हासिल किया।
खेल से आत्मरक्षा और अनुशासन दोनों सीखते हैं: डॉ. संजा
उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि चितरपुर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संजा मैडम मौजूद रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वुशू जैसा खेल लड़कियों के लिए बेहद जरूरी है। यह न केवल उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि आत्मरक्षा और जीवन में अनुशासन भी सिखाता है। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रोमा कुमारी और समाजसेवी भारती देवी शामिल हुईं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी रही तकनीकी टीम
पूरे टूर्नामेंट को निष्पक्ष और सुचारू रूप से चलाने में रेफरी शोएब वाहिद अली और उनकी तकनीकी टीम की अहम भूमिका रही। इसके अलावा जिला वुशू सचिव जौसी शंकर महतो, चंद्रशेखर राम करमाली, तापेश्वर महतो, इंशाउल्लाह, रेकालाल महतो, ज्ञान गौरव, अमन कुमार, खुशी कुमारी, सत्येन्द्र करमाली, सत्यप्रकाश कश्यप, सुमित कुमार और खुशी उपाध्याय सहित कई खेल प्रेमियों ने पूरी व्यवस्था संभालकर आयोजन को सफल बनाया।
इसे भी पढ़ें : काम कराया पर वेतन दबाया… बिजली कर्मियों के हक में उतरे अजय राय, जीएम बोले- नपेंगी एजेंसियां


