अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हर साल आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होता है। इस साल यह तिथि 21 और 22 सितंबर दोनों दिन मिल रही है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी। ऐसे में सवाल उठने लगा कि नवरात्रि का पहला दिन आखिर कब होगा?
पंडित जी ने बताया सही दिन
वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ज्योतिषाचार्य पंडित अनुराग तिवारी के अनुसार, नवरात्रि व्रत उदयातिथि की मान्यता पर आधारित है। 21 सितंबर को सूर्योदय के समय अमावस्या रहेगी जबकि 22 सितंबर को सूर्योदय के समय शुक्ल प्रतिपदा होगी। इसी आधार पर शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 22 सितंबर सोमवार से होगी।
नवरात्रि का पहला दिन
इस बार शारदीय नवरात्रि अक्टूबर में न होकर सितंबर में आ रही है। नवरात्रि कुल 10 दिनों तक चलेगी और 11वें दिन विजयादशमी यानी दुर्गा विसर्जन होगा। पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा करने का विधान है।
कलश स्थापना का मुहूर्त
नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना का सबसे शुभ समय अभिजीत मुहूर्त रहेगा, जो 11:55 एएम से 12:43 पीएम तक है। सुबह में कलश स्थापना के लिए 6:19 से 7:49 बजे तक और दूसरा मुहूर्त 9:14 से 10:45 बजे तक रहेगा।
शुभ योग और नक्षत्र का संयोग
इस साल कलश स्थापना शुक्ल योग में होगी, जो पूरे दिन को शुभ बना रहा है। सुबह 11:24 बजे तक उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा और उसके बाद हस्त नक्षत्र का आरंभ होगा। इस संयोग को नवरात्रि प्रारंभ के लिए अत्यंत मंगलकारी माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : पर्सनल लोन लेने से पहले जानें ये 10 जरूरी टर्म्स, वरना बढ़ सकता है कर्ज का बोझ

