अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में शुक्रवार की भोर में उस समय सनसनी फैल गयी जब एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टोनको तालाब के पास झाड़ियों में एक जवान लड़के का अधजला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान हटिया निवासी 32 वर्षीय प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि लड़के को रूह कंपाने वाली मौत दी गयी है। पहले पत्थर से कूचकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई, हालांकि सिर्फ निचला हिस्सा ही जल पाया। कत्ल करना का तरीका यह इशारा जरूर कर गया कि वारदात को अंजाम देने वाले बेहद क्रूर इरादे से आए थे।
गुरुवार से लापता था प्रशांत
परिजनों ने बताया कि प्रशांत गुरुवार शाम से ही घर से लापता था। जब सोशल मीडिया पर अधजले शव की तस्वीरें वायरल हुईं, तो परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया।
पुलिस की जांच जारी
एयरपोर्ट थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : कमल भूषण ह’त्याकांड : कोर्ट में तीन दोषी करार, 22 को सजा का ऐलान

