अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Darbhanga : दरभंगा के अलीनगर में बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी सभा में साफ कर दिया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का मुख्यमंत्री चेहरा नीतीश कुमार ही होंगे। उन्होंने कहा कि “बिहार में मुख्यमंत्री और देश में प्रधानमंत्री की सीटें खाली नहीं हैं।” इस बयान के साथ ही शाह ने विपक्ष की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया।
महागठबंधन पर तीखा हमला, परिवारवाद को बताया देश की कमजोरी
शाह ने मंच से महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “लालू प्रसाद अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन भाजपा में परिवारवाद की कोई जगह नहीं है। भाजपा ही युवाओं और योग्य नेताओं को आगे लाने का काम करती है।”
‘घोटालों का गठबंधन’— शाह ने कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना
गृह मंत्री ने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में लैंड फॉर जॉब, चारा और बाढ़ राहत जैसे कई घोटाले हुए, जबकि कांग्रेस ने 2004 से 2014 के बीच 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्ति दिलाने के लिए एनडीए को मजबूत करें।
बीजेपी का बयान— शाह ने विपक्ष के भ्रम दूर किए
भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि शाह का बयान विपक्ष के लिए करारा जवाब है। “अब यह साफ है कि बिहार में नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे। शाह ने विपक्ष के उन नेताओं को भी जवाब दिया जो बार-बार पूछ रहे थे कि एनडीए का सीएम चेहरा कौन होगा।”
राजनीतिक विश्लेषण— पुराने बयान पर ‘स्मार्ट सफाई’
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि अमित शाह ने अपने पुराने बयान पर “स्मार्ट सफाई” दी है। पहले उन्होंने कहा था कि विधायक दल तय करेगा कि सीएम कौन होगा, लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश ही एनडीए के चेहरे हैं। शाह ने जनता से नीतीश और पीएम मोदी दोनों के हाथ मजबूत करने की अपील भी की।
इसे भी पढ़ें : तूफान ‘मोंथा’ को लेकर RMC ने कसी कमर, एक्टिव किया 24X7 कंट्रोल रूम



